शहर

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून हुआ मेहरबान, दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश के आसार, उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा

Aaj Ka Mausam 30 August: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 अगस्त को ओडिशा, दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। जानिए अपने राज्य के मौसम का पूरा पूर्वानुमान।

Image

आज आपके राज्य के मौसम का हाल

Photo : Times Now Digital

Aaj Ka Mausam 30 August 2026: देशभर में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 30 अगस्त को देश के उत्तर, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर के राज्यों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

ओडिशा में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट

पूर्वी भारत में मानसून का सबसे अधिक असर ओडिशा में देखने को मिल सकता है। IMD ने राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भुवनेश्वर, पुरी, संबलपुर, मयूरभंज, बलांगीर और सुंदरगढ़ समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और आंधी के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR और यूपी का मौसम

दिल्ली-NCR: राजधानी और आसपास के इलाकों में रविवार को आसमान में घने बादल छाए रहने, आंधी चलने और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, झांसी और ललितपुर में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास न जाने की सलाह दी गई है।

बिहार, झारखंड और बंगाल में आंधी-तूफान के साथ बारिश

बिहार के पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर और मुंगेर में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में 30 और 31 अगस्त को राज्य में मानसूनी गतिविधियां काफी तेज रहेंगी। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और देवघर में 70 किमी/घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल व सिक्किम की बात करें तो गांगेय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, कोलकाता, मालदा, मुर्शिदाबाद और सिक्किम में व्यापक बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में बढ़ी आफत: भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में रविवार को भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में बिजली चमकने और बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त से 4 सितंबर तक बारिश का दौर तेज हो सकता है।

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में मौसम का पूर्वानुमान

पंजाब के कपूरथला, लुधियाना और अमृतसर के साथ-साथ राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर और जैसलमेर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश का असर

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, धार, उज्जैन और जबलपुर सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिनकी रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लगातार हो रही वर्षा के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।

दक्षिण भारत और तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट

कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में 4 सितंबर तक व्यापक और लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन राज्यों के लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय स्थानीय मौसम अपडेट का ध्यान रखने का आग्रह किया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article