शहर

Aaj Ka Mausam: यूपी-बिहार में आएगा आंधी-तूफान, झमाझम बारिश भिगाएगी आज; राजस्थान में ओलावृष्टि का अलर्ट

Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में गर्मी का प्रकोप शुरू होने वाला है। हालांकि, राजस्थान और यूपी में अभी बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का अलर्ट है, लेकिन इस सप्ताह के बाद तापमान में तेजी के साथ बढ़ोतरी होगी और लोगों को भीषण गर्मी के साथ लू का एहसास होगा।

Image

आज का मौसम

Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक बादलों की आवाजाही शुरू है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में होली के दिन बारिश हुई और इसी प्रकार का मौसम आज भी रहने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। पश्चिमी यूपी में जहां गुरुवार को तेज ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई तो अन्य इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही। होलिका दहन के दिन कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने अगले 24 घंटे के अंदर एक बार फिर बारिश की संभावना व्यक्त की है। आईएमडी ने बताया कि अगले 24 घंटे में कई जिलों में तेज गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान ओलावृष्टि के सात वज्रपात की संभावना है। हालांकि, बिहार में बादलों की आवाजाही तो बनी रहेगी, लेकिन बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

राजस्थान आज का मौसम

राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। पश्चिमी हिस्सा हालांकि शुष्क रहा। विभाग के अनुसार बारिश के बाद कुछ हिस्सों में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस से लेकर तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह साढे आठ बजे तक भरतपुर के वैर में 12 मिमी, बयाना, रूपवास, कांमा में नौ मिमी, सीकर में आठ मिमी, अलवर में राजगढ, धौलपुर के मनिया और भरतपुर के नदबई में सात मिमी, भरतपुर के भुसावर में छह मिमी, धौलपुर के सैपऊ में पांच मिमी और अन्य कुछ हिस्सों में चार मिमी से दो मिमी तक बारिश दर्ज की गई।

विभाग के अनुसार इस दौरान चौमूं, कोटपूतली-बहरोड़, बानसूर सहित कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। भरतपुर में गुरुवार शाम को तेज आंधी-बारिश के कारण बाइक सवार पिता और उनके दो बेटों पर बिजली का खंभा गिर गया। विभाग के अनुसार राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तोडगढ में 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं संगरिया में सबसे न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री, बाडमेर में 39 डिग्री, भीलवाडा-धौलपुर में 38 डिग्री, डूंगरपुर में 37.9 डिग्री, दौसा में 37.7 डिग्री, और अन्य प्रमुख शहरों में 37.2 डिग्री सेल्सयस से लेकर 33.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं के चलने का अनुमान जताया है और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।

बिहार आज का मौसम

उधर, बिहार में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप शुरू होने वाला है। मार्च के आखिरी तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से एक बार फिर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article