Heatwave Alert: देशभर में भीषण गर्मी का दौर जारी है। खासकर, उत्तर भारत में लू और सूरज की तपिश से हाल बेहाल हैं। शनिवार को यूपी के प्रयागराज और सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस को छू गया। वहीं, कानपुर में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तो वहीं वाराणसी में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कमोबेश यही हालत बुंदेलखंड में है। इधर, दिल्ली का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचने से हालत पतली है। मौसम विभाग ने बताया दिल्ली के रिज में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उधर, बिहार में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। राज्य के गया में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं लू की लहर चल रही है। आईएमडी ने कहा कि इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान पिलानी में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान नागौर में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज का तापमान
दिल्ली कल का मौसम
दिल्ली में शनिवार को पिछले तीन वर्ष में सबसे अधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछली बार इससे अधिक तापमान 2022 में दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.1 डिग्री कम है।
उसने बताया कि राजधानी में आर्द्रता का स्तर 35 प्रतिशत से 15 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 27 अप्रैल को बारिश हो सकती है। अगर बारिश होती है तो गर्मी से काफी राहत मिलेगी। कमोबेश कल भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 अप्रैल को अधिकतम पारा 39 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जो एक हफ्ते के आंकड़े जारी किए हैं, उनके मुताबिक 29 अप्रैल से लेकर 2 मई तक लगातार अधिकतम पारा 39 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना जताई गई है। दिन के वक्त तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
दिल्ली में इस महीने प्रदूषण का स्तर बढ़ता घटता देखा गया। हालांकि, आगे इस पर ब्रेक लगने के आसार हैं। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 252 रहा जो खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
