शहर

Kerala : 'IED से उड़ा देंगे...', तिरुवनंतपुरम में होटलों को मिली धमकी; मचा हड़कंप, चप्पा-चप्पा खंगालने में जुटे अधिकारी

केरल की राजधानी के तिरुवनंतपुरम स्थित विभिन्न होटलों को बम धमाके में उड़ाने की धमकी मिली है। एक ईमेल में दावा किया गया है कि विभिन्न होटलों को आईईडी से विस्फोट कर उड़ा दिया जायेगा।

Image

(सांकेतिक तस्वीर)

Photo : iStock

तिरुवनंतपुरम के होटलों को बम धमाके में उड़ाने की धमकी ई-मेल के ज़रिए मिलने के बाद पुलिस ने बम निरोधक इकाइयों और श्वान दस्तों को तैनात किया और जांच शुरू की । छावनी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि जिन होटलों को बम धमाके में उड़ाने की धमकी मिली थी, उन सभी की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक कुछ नहीं मिला है और जांच जारी है।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस धमकी भरे ई-मेल के स्रोत की भी जांच कर रही है, जिसमें दावा किया गया है कि तिरुवनंतपुरम शहर के मध्य में स्थित हिल्टन होटल समेत प्रदेश की राजधानी के विभिन्न होटलों को परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) से विस्फोट कर उड़ा दिया जायेगा। पिछले कुछ महीनों में, पूरे राज्य में जिला कलेक्ट्रेट और राजस्व संभागीय अधिकारियों के कार्यालयों को और हाल ही में केरल उच्च न्यायालय को भी बम धमाके में उड़ाने संबंधी धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुये थे। पुलिस ने व्यापक निरीक्षण करने के बाद इन सभी धमकियों को अफवाह करार दिया था।

पटना कोर्ट को बम की धमकी

इसी प्रकार शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना में एक अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक ई-मेल ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सकते में डाल दिया था। हालांकि, घटनास्थल पर पुलिस टीम का नेतृत्व करने वाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने कहा कि ई-मेल फर्जी था।

हिमाचल प्रदेश के 2 DM कार्यालयों को बस से उड़ाने की धमकी

शुक्रवार की शाम होते-होते हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर एवं चम्बा जिलों के जिलाधिकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की ई-मेल से धमकी मिली थी, जिसके के बाद पुलिस ने संबंधित क्षेत्रों को घेर लिया एवं तलाशी अभियान शुरू किया था। हालांकि, जांच में कुछ नहीं मिला था। पुलिस ने बताया कि मेल के स्रोत की भी जांच की जा रही है। इससे पहले 16 अप्रैल को, हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव और मंडी के जिलाधिकारी कार्यालय को इसी तरह के मेल प्राप्त हुए थे, जिसके बाद दोनों कार्यालयों को खाली करा दिया गया और उनकी तलाशी ली गयी थी, जिसमें कोई बम नहीं मिला था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article