उत्तराखंड में इन दिनों जमकर बारिश हो रही है। राज्य के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें टूट गई हैं तो कई जगह पहाड़ टूटकर सड़कों पर आ गिरे हैं। लैंडस्लाइड के कारण तमाम रास्ते बंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ऐसा ही कुछ उत्तराखंड में कुमाऊं क्षेत्र के पिथौरागढ़ जिले में भी देखने को मिला है। लैंडस्लाइड का यह वीडियो कमजोर दिल वालों के लिए कतई नहीं हैं।
पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड
दरअसल पिथौरागढ़ में मुनस्यारी-लैंड सड़क मार्ग पर नाचनी के पास एक जबरदस्त भूस्खलन कैमरे में कैद हुआ है। यह सड़क चालू थी और लैंडस्लाइड का अंदेशा होने पर वाहन एक ओर रुक गए। वीडियो बनाने वाले शख्स को कुछ सेकेंड भाई, कुछ सेकेंड कहते हुए सुना जा सकता है। जबकि एक दूसरा शख्स कैमरे के सामने हंसते हुए नजर आता है।
सड़क पर इन लड़कों की बाइक खड़ी है और उनसे कुछ ही दूरी पर एक ट्रक भी खड़ा है। कुछ अन्य लोग भी यहां पर देखे जा सकते हैं। सच में अगर यह लड़के कुछ सेकेंड यहां नहीं रुकते तो लैंडस्लाइड की चपेट में आ जाते। जिस तरफ लैंडस्लाइड हुआ है, ट्रक उसी ओर जा रहा था, लेकिन किसी वजह से यहां रुक गया और हादसे से बच गया।
इस हादसे की वजह से मुनस्यारी रोड पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद हो गई है।
