Sukma Encounter Maoist Killed: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में पांच लाख रुपये के इनामी एक नक्सली को मार गिराया गया। यह घटना केंद्र द्वारा देश से वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के लिए निर्धारित 31 मार्च की समय सीमा से दो दिन पहले हुई। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि गोलीबारी पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल में हुई, जहां सुरक्षाकर्मियों की एक टीम नक्सल रोधी अभियान पर तैनात थी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी रुकने के बाद घटनास्थल से एक नक्सली का शव और हथियार बरामद किए गए।
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर (सांकेतिक फोटो)
पांच लाख रुपये का था इनामी
अधिकारी ने बताया कि मृतक मुचाकी कैलाश माओवादियों की प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने कहा कि कैलाश नागरिकों की हत्या, देसी बम लगाने और पुलिस पर हमले जैसी घटनाओं में शामिल था। यह मुठभेड़ केंद्र द्वारा देश से सशस्त्र नक्सलवाद को खत्म करने के लिए निर्धारित 31 मार्च की समय सीमा से ठीक दो दिन पहले हुई है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा ये
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि माओवादी कार्यकर्ताओं के लिए आत्मसमर्पण और पुनर्वास का जो अवसर उपलब्ध था, वह अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और उनके पास इसका लाभ उठाने के लिए बहुत सीमित समय बचा है। उन्होंने माओवादी कार्यकर्ताओं से इस अवसर का लाभ उठाने, हिंसा का मार्ग त्यागने और समाज की मुख्यधारा में लौटकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन जीने की अपील की।
अलग-अलग मुठभेड़ों में 27 माओवादी मारे गए
इस घटना के साथ, छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 27 माओवादी मारे जा चुके हैं। तीन जनवरी को बस्तर क्षेत्र में, जिसमें सात जिले शामिल हैं, दो मुठभेड़ों में 14 माओवादी मारे गए थे। पिछले साल सुरक्षा बलों ने राज्य भर में हुई मुठभेड़ों में कुल 285 माओवादियों को मार गिराया।
(इनपुट - भाषा)
