हरियाणा की मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद के पहले ही दिन भारी अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की 90 प्रतिशत से अधिक मंडियों में खरीद प्रक्रिया ठप रही, जबकि बड़ी संख्या में किसान सुबह 5 बजे से शाम 7 बजे तक अपनी फसल लेकर इंतजार करते रहे। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सरसों की आवक 1.2 लाख क्विंटल से अधिक पहुंचने के बावजूद सरकारी एजेंसियां 5 प्रतिशत तक भी खरीद नहीं कर सकीं।
बिना फसल बेचे लौटे किसान
हरियाणा सरकार द्वारा 13 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय किए जाने के बावजूद पहले दिन की स्थिति ने तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अनुराग ढांडा के मुताबिक जींद, हिसार, फतेहाबाद, रेवाड़ी और रोहतक सहित कई जिलों में किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कुछ स्थानों पर किसानों को बिना फसल बेचे ही वापस लौटना पड़ा।
ई-खरीद पोर्टल पर कहा ये
उन्होंने ई-खरीद पोर्टल को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि सर्वर संबंधी समस्याओं व डेटा मिलान में गड़बड़ी के कारण हजारों किसानों को गेट पास तक नहीं मिल सके। मंडियों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि बारदाना, तौल कांटे और पर्याप्त श्रमिकों की उपलब्धता नहीं थी। इसके अलावा पेयजल, शौचालय और बैठने जैसी व्यवस्थाएं भी नदारद रहीं, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
निजी खरीद को मिल रहा बढ़ावा
अनुराग ढांडा ने यह भी आरोप लगाया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 6200 रुपये प्रति क्विंटल तय होने के बावजूद किसान निजी व्यापारियों को 5300 से 5800 रुपये प्रति क्विंटल के बीच फसल बेचने को मजबूर हैं। इसे सरकार की नीतियों की विफलता बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे निजी खरीद को बढ़ावा मिल रहा है।
मंचों पर उठाएगी किसानों का मुद्दा
आम आदमी पार्टी नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि, जल्द ही गेहूं की आवक शुरू होने वाली है और अगर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने सरकार से तत्काल ई-खरीद प्रणाली को दुरुस्त करने और मंडियों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही कहा कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी इस मुद्दे को विभिन्न मंचों पर उठाएगी। उन्होंने आगे कहा कि, आम आदमी पार्टी किसानों के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।
