शहर

Badwar Rewa News: के रीवा में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत; 30 घायल

Badwar Rewa News: रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार में यात्री बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हुए। सभी घायलों का संजय गांधी अस्पताल में इलाज जारी है। सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 1 लाख सहायता देने की घोषणा की है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

Badwar Rewa News : मध्यप्रदेश के रीवा में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर एक निजी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई एवं 30 अन्य घायल हो गए। अधिकारी के मुताबिक, रीवा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गुढ़ थानाक्षेत्र के बदवार में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) भावना मरावी ने ’पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा कि अब तक पांच लोगों के मौत की पुष्टि हुई है और 30 अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मरावी ने कहा कि घटनास्थल पर अब भी बचाव अभियान जारी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि और कोई यात्री बस में फंसा ना हो। मरावी ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलट गया और बस पानी से भरे एक नाले में जा गिरा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोगों की मौत पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की‌। यादव ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’आज रीवा-सीधी राजमार्ग पर बस और ट्रक की टक्कर में हुई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। दिवंगतों की आत्मा को शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।’

उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं। उपविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) अनुराग तिवारी ने बताया कि अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तर भी आरक्षित किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य घायलों का भी तत्काल इलाज किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरन सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। राहत और बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीन भी मंगाई गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा उसने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 उत्तर प्रदेश के झांसी को झारखंड की राजधानी रांची से जोड़ता है और यह मध्यप्रदेश से गुजरता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article