ग्वालियर : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार के लिए अन्नदाता सर्वोपरि है और किसानों के कल्याण के लिए खेतों से लेकर उनके खातों तक विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने 2 सितंबर को ग्वालियर में आयोजित बलराम जयंती महोत्सव और सहकारिता सम्मेलन में किसानों पर पुष्प वर्षा की तथा कई नई सुविधाओं का शुभारंभ किया।
सीएम ने ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल, कृषक कवच योजना, नवपंजीकृत 200 पैक्स समितियों के कार्यालयों और ग्वालियर में अपेक्स बैंक की संभागीय शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री बलराम ने कृषि को प्रकृति और स्वावलंबन से जोड़ा। भारतीय संस्कृति में खेती को सर्वोत्तम माना गया है और किसान अपने अथक परिश्रम से देश को समृद्ध बनाता है। प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और अब दिन के समय भी बिजली देने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता ढाई साल में 6 हजार मेगावॉट बढ़कर 25 हजार से 31 हजार मेगावॉट हो गई है। सरकार का लक्ष्य अगले ढाई वर्षों में सिंचाई का रकबा 60 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का है।
ऋण पर 10 लाख रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने किसानों के कर्ज भुगतान की नई व्यवस्था का भी उल्लेख किया। इसके तहत किसानों को अब हर छह महीने में खाता बंद करने की बाध्यता नहीं होगी और वे वर्ष में किसी भी समय कर्ज की राशि जमा कर सकेंगे। उद्यानिकी को बढ़ावा देने के लिए ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना शुरू की गई है। वहीं पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए नई गौपालन योजना के तहत 40 लाख रुपये के ऋण पर 10 लाख रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों को मत्स्य पालन, कुकुट पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। वहीं सहकारिता के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और सहकारिता आंदोलन किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो देश भी समृद्ध होगा। सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
