शहर

Gopalganj: श्राद्ध कर्म के दौरान गंडक नदी में बह गए परिवार के 4 लोग, तेज धार में लापता: SDRF कर रही तलाश

बिहार के गोपालगंज में श्राद्ध क्रिया के बाद गंडक नदी में नहाने गए परिवार के चार लोग बह गए। एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक किसी का पता नहीं चल सका है।

Image

प्रतिकात्मक फोटो

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

गोपालगंज: जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को श्राद्ध कर्म के मौके पर गंडक नदी में स्नान करने गए एक ही परिवार के चार लोग नदी में डूब गए। गंडक की तेज धार की वजह से सभी लोग अचानक लापता हो गए। इनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, यादोपुर के मटियारी गांव के निवासी नवलेश कुमार सिंह की माता का निधन हो गया था। आज उनका दशगात्र था। इसी मौके पर परिवार के सभी पुरुष सदस्य गंडक नदी में घाट पर मुंडन कराने के लिए पहुंचे थे।

ये लोग डूबे

मुंडन कराने के बाद लोग गंडक नदी में स्नान करने के लिए उतरे। बताया जा रहा है कि स्नान करने के क्रम में सुजीत कुमार डूबने लगे। उन्हें बचाने के क्रम में परिवार के अन्य सदस्य भी तेज धार में चले गए और डूब गए। लापता हुए लोगों में सुजीत कुमार (18), सुमित कुमार (14), निखिल कुमार (19) और संजीव कुमार बताए जा रहे हैं।

गोताखोर असफल

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने लापता लोगों की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। गोपालगंज (सदर) एसडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि लापता चारों लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को लगाया गया है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इधर, इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। जबकि बैकुंठपुर के मुंजा गांव के समीप घाट पर भारी संख्या में लोग पहुंच गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन के लोग भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बता दें कि बारिश के कारण बिहार की करीब सभी नदियां उफान पर हैं और सभी नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है।

(इनपुट-आईएनएस)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article