मुर्शिदाबाद : जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। करनासुबर्ना स्टेशन के पास स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 24A/2 पर निमटीता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक टाटा सूमो वैन और एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में दो स्कूली छात्रों और एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन से गेटमैन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
मुर्शिदाबाद में ट्रेन ने कार को मारी टक्कर
क्रॉसिंग गेट खुला होने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6:41 बजे की है। बताया जा रहा है कि कैटवा-अजीमगंज सेक्शन पर स्थित इस लेवल क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन के लिए गेट बंद था। जैसे ही एक ट्रेन (संख्या 13431) अप दिशा में गुजरी, क्रॉसिंग का गेट खोल दिया गया, जिसके तुरंत बाद स्कूल वैन पटरी पर आ गई और दूसरी तरफ से आ रही निमटीता-कटवा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 53054) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वैन रॉयल एकेडमी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों और वैन चालक को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल बच्चों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल रेलवे और जिला पुलिस द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने इस दुखद घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।
मंत्री सुकांत मजूमदार ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने हादसे को अत्यंत दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जान जाना एक त्रासदी है, लेकिन बच्चों की मृत्यु की खबर और भी ज्यादा हृदयविदारक है। मजूमदार ने इस घटना की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने भरोसा जताया है कि रेलवे प्रशासन इस हादसे को लेकर एक अलग से विस्तृत जांच जरूर करेगा ताकि घटना के कारणों का पता चल सके।
