शहर

बीकानेर में ट्रिपल मर्डर : शादी के रिश्ते को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र समेत तीन की चाकुओं से गोदकर हत्या

राजस्थान के बीकानेर में रिश्तेदारों के बीच परिवार की एक लड़की के रिश्ते को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

Image

बीकानेर में तीन हत्याएं (फोटो-Istock)

बीकानेर : जिले में बृहस्पतिवार को पारिवारिक विवाद में दो पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना छत्तरगढ़ के सुरजनवाली गांव में घटी, जहां कुछ रिश्तेदारों के बीच परिवार की एक लड़की के रिश्ते को लेकर विवाद हो गया और उन्होंने एक-दूसरे पर चाकुओं से हमला कर दिया गया।

खाजूवाला की पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा कुमारी ने बताया कि पारिवारिक विवाद में एक-दूसरे पर चाकू से हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान खारवाली के जिंदू खान (55) और उसके बेटे करीम खान (25) तथर रिश्तेदार अलीशेर (60) के रूप में हुई है। कुमार के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शवों को छतरगढ़ के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में भेजा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद परिवार में एक लड़की के रिश्ते (विवाह प्रस्ताव) को लेकर शुरू हुआ था। खाजूवाला की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) आकांक्षा कुमारी ने बताया कि दो पक्षों के बीच बातचीत के दौरान अचानक विवाद गहरा गया और देखते ही देखते दोनों ओर से चाकू निकाल लिए गए। हमले में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

DSP आकांक्षा कुमारी ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article