रियासी : जम्मू-कश्मीर में मानसूनी बारिश आफत बनकर टूट रही है। अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि लगभग 02 बजे चस्साना पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बदोरा में बदोरा शिव गुफा के पास लैंडस्लाइड होने दो लोगों की जान चली गई। रेस्क्यू कर दोनों शवों को निकाला गया है।
रियासी में लैंडस्लाइड (फोटो-@jammu_ladakh)
इनकी हुई मौत
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को माहोरे तहसील के बदोरा पहाड़ी क्षेत्र में भगवान शिव को समर्पित एक मंदिर के पास हुई। जब भूस्खलन हुआ तब दोनों लोग एक तंबू में सो रहे थे। उन पर मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर सुचारू प्रबंधन का जिम्मा था। अधिकारियों ने बताया कि आम नागरिकों और पुलिस ने बचाव अभियान संचालित किया तथा मलबे से दोनों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान तुली कलावन निवासी रशपाल सिंह (26) और चेनानी निवासी रवि कुमार (23) के रूप में की गई है।
मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट घोषित किया है, जिस कारण प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। खासकर,रियासी में छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
