Zurich Insurance Group-Kotak Mahindra General Insurance Deal: ज्यूरिख इंश्योरेंस ग्रुप 5560 करोड़ रुपये में कोटक महिंद्रा बैंक की जनरल इंश्योरेंस यूनिट में 70% हिस्सेदारी खरीदेगा। ज्यूरिख इंश्योरेंस ग्रुप, जो कि स्विट्जरलैंड का बिजनेस ग्रुप है, ये खरीदारी कई फेज के बजाय एक बार में करेगा। पिछले साल नवंबर में इन दोनों पक्षों के बीच जो डील हुई थी उसके तहत ज्यूरिख को कोटक की यूनिट में 4051 करोड़ रुपये में 51% हिस्सेदारी पहले चरण में खरीदनी थी। वहीं उसके बाद तीन साल के अंदर बाकी 19% हिस्सेदारी खरीदनी थी। मगर अब एक ही बार में 70 फीसदी के लिए डील होगी।
ज्यूरिख इंश्योरेंस ग्रुप-कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस डील
ये भी पढ़ें -
इस मामले में होगी सबसे बड़ी डील
यह डील किसी ग्लोबल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा भारतीय मार्केट में गैर-जीवन बीमा कंपनी में अब तक का सबसे बड़ा निवेश होगा। बता दें कि डील की शर्तों में बदलाव से कोटक जनरल की वैल्यूएशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जो नवंबर 2023 की फाइलिंग के मुताबिक 7943 करोड़ रुपये थी।
कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा है कि लेनदेन की अन्य शर्तें भी अपरिवर्तित रहेंगी। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने ज्यूरिख इंश्योरेंस कंपनी द्वारा कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
100% सब्सिडियरी कंपनी है कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस
कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस कंपनी कोटक महिंद्रा बैंक की 100 प्रतिशत सब्सिडियरी कंपनी है। पिछले साल डील होने पर ज्यूरिख ने कहा था कि भारत के 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनने की उम्मीद है और यह बीमा सॉल्यूशंस के डेवलपमेंट के लिए अच्छा है।
