Zomato Food Rescue: फूड डिलिवरी कंपनी जोमैटो के सीईओ दीपिंदर गोयल ने ऐप के कुछ नए और अहम फीचर अपडेट शेयर किए हैं। उन्होंने 'फूड रेस्क्यू' नाम के एक नए फीचर अपडेट का भी ऐलान किया। यह फीचर जोमैटो पर कैंसल किए गए ऑर्डर को दूसरे संभावित ग्राहकों को रीडायरेक्ट करके खाना बर्बाद कम करने का प्रयास करेगा। फीचर के बारे में बताते हुए गोयल ने एक्स (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था) पर लिखा कि कैंसल किए गए ऑर्डर अब आस-पास के ग्राहकों को मिल सकेंगे। ग्राहक ये ऑर्डर पैकेजिंग में बिना किसी छेड़छाड़ के किफायती कीमत पर खरीद सकेंगे। ऐसे ऑर्डर की डिलिवरी कुछ ही मिनटों में हो जाएगी। मगर उनके पोस्ट पर एक यूजर ने कमेंट में कुछ सुझाव दिए जो गोयल इतने पसंद आए कि उन्होंने उस शख्स को जॉब ऑफर कर दी।
ये भी पढ़ें -
क्या है दिए सुझाव
भानु नाम के एक्स यूजर ने फूड रेस्क्यू वाली नई सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए कुछ सुझाव दिए।
1. कैश ऑन डिलीवरी पर लागू नहीं होना चाहिए
2. अगर डिलीवरी डिलीवरी पॉइंट से 500 मीटर दूर रह जाती है तो कैंसिलेशन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए
3. खाना शेयर करने वाले 2 लोग एक ही समय पर फूड ऑर्डर करें और कैंसिल करें तो डिस्काउंट की संभावना बन जाएगी
4. हर माह दो से कम कैंसिलेशन की अनुमति हो

ज़ोमैटो के सीईओ दीपिंदर गोयल
साथ काम करने का दिया ऑफर
भानु के सुझावों ने गोयल का ध्यान खींचा और उन्होंने भानु को "मिलकर काम करने" की पेशकश की। गोयल ने लिखा, "ये सब और बहुत कुछ पहले से ही मौजूद है। वैसे, अच्छी सोच है। आप कौन हैं और क्या करते हैं? आपको और जानना अच्छा लगेगा, और देखना होगा कि क्या हम साथ मिलकर काम कर सकते हैं? अगर आप और बातचीत करना चाहते हैं तो कृपया मुझे डीएम करें।"
बता दें कि गोयल की नेटवर्थ 13501 करोड़ रु है।
क्या आया भानु का जवाब
फूड डिलीवरी कंपनी में काम करने के ऑफर पर प्रतिक्रिया देते हुए भानु ने लिखा, "बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं बेंगलुरु से हूं। नियमित रूप से ब्लिंकिट का इस्तेमाल करता हूं। मैं नियमित रूप से आपकी कंपनी को टैग करके एक्स के जरिए सेवाओं को बेहतर बनाने के सुझाव देता हूं। हमेशा निगेटिव प्रभाव को कम करने और सर्विस डिलीवरी में सुधार करने के बारे में सोचता हूं। एक स्टार्टअप कंपनी में पीएम (प्रोडक्ट मैनेजर) के तौर पर काम कर रहा हूं।"
