Times Now Summit 2024: टाइम्स नाउ समिट- इंडिया अनस्टॉपेबल (India Unstoppable) के मंच पर दूसरे दिन केंद्रीय आवास और शहरी एवं पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शिरकत की। टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार से बातचीत में देश की ग्रोथ, इलेक्टोरल बॉन्ड, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और एनडीए के 400 पार के नारे पर बेबाकी से बोले।
फैसले लेने वाली सरकार
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पिछली तिमाही में देश की ग्रोथ 8.6 फीसदी रही और यह पिछले 10 साल में फैसले लेने वाली सरकार का नतीजा है।
भारत का सामुहिक रूप से प्रयास नजर आ रहा है। देश की ग्रोथ दूसरे और तीसरे टियर सिटी से आ रही है। उन्होंने कहा कि एक समय था कि लोग सरकारी कंपनियों के बारे में कहते थे कि ये तो पीएसयू हैं। इनकी क्या ग्रोथ होगी। लेकिन आज देखिए सरकारी कंपनियां और जो मेरे मंत्रालय के तहत वो जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं। शेयर मार्केट ये रिकॉर्ड प्रदर्शन कर रही हैं और रिटर्न जेनरेट कर रही हैं।
अबकी बार 400 पार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेपी और एनडीए के लिए जमीन पर सेंटिमेंट पॉजिटिव है। हमारी पार्टी के लिए जबरदस्त सपोर्ट देखने को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल लेकर दक्षिण भारत तक लोग हमारे समर्थन में खड़े हैं।
इलेक्टोरल बॉन्ड
इलेक्टोरल बॉन्ड पर उन्होंने कहा कि एक पार्टी जिसके पास 303 लोकसभा की सीटें, उसे 6 हजार करोड़ रुपये मिले और एक पार्टी, जिसके पास मुश्किल से कुछ सीटें उसे 1600 करोड़ रुपये मिले। क्या आपको दुनिया में ऐसा कोई देश है, जहां लोकतंत्र बिना किसी पॉलिटिकल फंडिंग के चलती है। उन्होंने कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए पैसे लेकर कंपनियों को टेंडर दिए गए, जो सच नहीं है। उन्हें नियमों के अनुसार ही टेंडर मिला। तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि उनके पास तो सिर्फ एक राज्य है, उन्हें कहां से 1600 करोड़ रुपये मिले।
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि एजेंसी ने उन्हें 9 बार नोटिस भेजा, लेकिन वो नहीं आए। इसके बाद ही एजेंसी ने कार्रवाई की। अगर उन्हें दिल्ली के लोगों से इतना ही लगाव था, तो जब बाहर थे तब पानी के लिए क्यों नहीं काम किया। पहले वो हरियाणा और पंजाब को पराली जलाने पर कोसते थे। लेकिन जब आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में बनी तो क्यों नहीं पराली जलनी बंद हुई।
