UPI Payment : आज के समय में यूपीआई (UPI) के जरिए पैसों का लेनदेन बेहद आम हो चुका है। मिनटों में पैसे भेजना और पाना हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। लेकिन कभी-कभी यह सुविधा परेशानी का सबब बन जाती है। मान लीजिए आपके खाते में किसी अनजान व्यक्ति से पैसे आते हैं और कुछ समय बाद आपका बैंक खाता फ्रीज हो जाता है या उस पर रोक लगा दी जाती है। ऐसी स्थिति में घबराने की जरुरत नहीं है, क्योंकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि खाताधारक ने कोई धोखाधड़ी की है। अक्सर यह किसी बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े की जांच की एक लंबी चेन का हिस्सा होता है, जिसकी चपेट में अनजाने में आपका खाता भी आ जाता है। ऐसे मामलों में सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि खाते पर यह पाबंदी क्यों और किस एजेंसी के कहने पर लगाई गई है।
क्या यूपीआई पेमेंट के बाद बैंक खाता फ्रीज हो गया? (तस्वीर-Canva)
बैंक से संपर्क कर जानें पाबंदी की असली वजह
जब आपका खाता फ्रीज या ब्लॉक हो जाए, तो सबसे पहले अपने बैंक जाएं या ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें। बैंक से यह साफ-साफ पूछें कि क्या आपका खाता पूरी तरह फ्रीज हुआ है, सिर्फ पैसे निकालने (डेबिट) पर रोक लगाई गई है या फिर किसी खास रकम पर लेन (Lien) लगाया गया है। इसके अलावा, खाते पर रोक लगाने का कारण और संबंधित शिकायत या रेफरेंस नंबर भी जरूर मांगें। अगर यह कार्रवाई किसी पुलिस या साइबर क्राइम अथॉरिटी के निर्देश पर हुई है, तो बैंक से उस एजेंसी की जानकारी लें। यह जानकारी बहुत अहम है क्योंकि केवाईसी से जुड़ी समस्या का समाधान साइबर अपराध से जुड़े मामलों से बिल्कुल अलग होता है।
यूपीआई ट्रांजैक्शन के सबूत संभालकर रखें
खाता फ्रीज होने की स्थिति में आपके पास उस संदिग्ध लेनदेन से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित होने चाहिए। ट्रांजैक्शन आईडी, रकम, तारीख, भेजने वाले की यूपीआई आईडी और बैंक स्टेटमेंट को संभालकर रखें जिससे यह साबित हो सके कि पैसे आपके खाते में आए थे। यदि आप जानते हैं कि वह पैसा किस एवज में आया था, तो उससे जुड़े दस्तावेज जैसे इनवॉइस, ऑर्डर की डिटेल या चैट के स्क्रीनशॉट भी अपने पास रखें। जांच एजेंसियों के सामने ये सबूत आपके बेकसूर होने का सबसे बड़ा प्रमाण साबित होंगे, इसलिए इन्हें किसी भी कीमत पर डिलीट न करें।
अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे वापस न भेजें
कई बार अनजान भेजने वाला आपको फोन करके यह कह सकता है कि पैसे गलती से ट्रांसफर हो गए हैं और उन्हें किसी दूसरी यूपीआई आईडी पर वापस भेज दें। ऐसी स्थिति में अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) यानी एनपीसीआई साफ तौर पर सलाह देता है कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी यूपीआई पिन दर्ज नहीं करना पड़ता। इसके अलावा, अनजान लोगों से मिलने वाले संदिग्ध क्यूआर कोड, लिंक और मैसेज से भी बचना चाहिए क्योंकि क्यूआर कोड और यूपीआई पिन का इस्तेमाल भुगतान करने के लिए होता है, न कि पैसे लेने के लिए। अगर वाकई पैसे वापस करने की जरुरत है, तो भेजने वाले को कहें कि वह अपने बैंक के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करे और आप भी इसकी सूचना अपने बैंक को दें। किसी के यह कहने पर कि वह आपका खाता अनफ्रीज करवा देगा, अपनी यूपीआई पिन, ओटीपी, कार्ड की जानकारी या इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड बिल्कुल साझा न करें।
साइबर क्राइम से जुड़ा होने पर क्या करें
अगर बैंक आपको बताता है कि खाते पर रोक किसी पुलिस या साइबर क्राइम जांच के सिलसिले में लगाई गई है, तो बैंक अकेले अपने स्तर पर इसे नहीं हटा सकता। ऐसे में आपको संबंधित जांच एजेंसी से संपर्क करने के लिए जरूरी जानकारियां बैंक से लेनी होंगी। जब आपको अपना पक्ष रखने का मौका मिले, तो अपनी बैंक स्टेटमेंट और यूपीआई रिकॉर्ड के साथ पूरी ईमानदारी से अपनी बात रखें। अपनी बात केवल तथ्यों पर आधारित रखें और जो भी दस्तावेज आप जमा करें, उनकी प्रतियां अपने पास जरूर सुरक्षित रखें। केवल इसलिए किसी नोटिस या जानकारी के अनुरोध को नजरअंदाज न करें क्योंकि आप सिर्फ पैसे पाने वाले थे। साथ ही, किसी ऐसे तीसरे व्यक्ति को पैसे बिल्कुल न दें जो आपके खाते को जल्द अनफ्रीज कराने का झूठा वादा करता है।
बैंक से स्पष्ट जवाब न मिलने पर अपनाएं ये कदम
अगर आपका बैंक आपकी समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं करता है, तो आपको बैंक की आधिकारिक शिकायत निवारण प्रक्रिया का उपयोग करना चाहिए और शिकायत संख्या अपने पास रखनीF चाहिए। यदि इसके बाद भी मामला हल नहीं होता है, तो एक योग्य ग्राहक सभी जरूरी शर्तों को पूरा करने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के इंटीग्रेटेड ओम्बुड्समैन (लोकपाल) का दरवाजा खटखटा सकता है। कुल मिलाकर, किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचने के लिए सबसे पहले बैंक से आधिकारिक चैनलों के जरिए संपर्क करके खाते पर रोक लगने का कारण स्पष्ट करना बेहद जरूरी है। पैसों के लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड अपने पास सुरक्षित रखें और बिना सोचे-समझे किसी के दबाव में आकर कोई और पेमेंट करने से बचें।
