IAS Sandhya Venugopal Sharma को टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी Titan Company की नई चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। कंपनी के बोर्ड ने 29 दिसंबर, 2025 को सर्कुलर रेजोल्यूशन के जरिए उनके नाम को मंजूरी दी, जो 4 जनवरी, 2026 से प्रभावी होगाा।
संध्या शर्मा बनीं टाइटन की चेयरपर्सन। (फोटो क्रेडिट, Shutterstock/Timesnow Hindi)
Titan Company ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि तमिलनाडु इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (TIDCO) की ओर से नामांकन मिलने के बाद संध्या वेणुगोपाल शर्मा को चेयरपर्सन और एडिशनल डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया गया है।
वे रोटेशन के आधार पर रिटायर होने वाली एडिशनल डायरेक्टर होंगी और SEBI LODR नियमों के तहत तय समयसीमा में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। इस पद पर वह अरुण रॉय की जगह लेंगी, हालांकि रॉय Titan के बोर्ड में डायरेक्टर के तौर पर बने रहेंगे।
कौन हैं संध्या वेणुगोपाल शर्मा?
संध्या वेणुगोपाल शर्मा तमिलनाडु कैडर की 1995 बैच की IAS अधिकारी हैं। उनके पास करीब तीन दशकों का प्रशासनिक अनुभव है। Titan में नियुक्ति से पहले वह लंबे समय तक केंद्र सरकार में स्पेस डिपार्टमेंट में प्रतिनियुक्ति पर रहीं। अप्रैल 2019 से अक्टूबर 2025 के बीच उन्होंने बेंगलुरु में जॉइंट सेक्रेटरी और बाद में एडिशनल सेक्रेटरी के तौर पर काम किया, जहां भारतीय अंतरिक्ष और विज्ञान प्रशासन से जुड़े अहम कार्यों में उनकी भूमिका रही।
सर्वशिक्षा अभियान संभाला
कर्नाटक सरकार में प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान की स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली। यह योजना केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ World Bank, DFID और UNICEF जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की फंडिंग से चलाई गई थी और इसका उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा को सभी तक पहुंचाना था।
राजस्व प्रशासन में व्यापक अनुभव
तमिलनाडु कैडर में अपने करियर के दौरान उन्होंने कमिश्नर ऑफ आर्काइव्स एंड हिस्टोरिकल रिसर्च, कई जॉइंट और डिप्टी सेक्रेटरी पदों के अलावा कमर्शियल टैक्स, शिक्षा और तमिलनाडु पब्लिक सर्विस कमीशन जैसे विभागों में कंट्रोलर की भूमिका निभाई। जिला स्तर पर वह चेंगलपट्टू और तिंदिवनम में असिस्टेंट कलेक्टर भी रह चुकी हैं। वित्त, शिक्षा, संस्कृति, मानव संसाधन और राजस्व प्रशासन में उनका व्यापक अनुभव Titan जैसे बड़े कंज्यूमर ब्रांड के लिए अहम माना जा रहा है।
कैसा प्रदर्शन कर रहा शेयर?
मंगलवार, 30 दिसंबर को Titan Company का शेयर ₹3,974.05 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव ₹3,981.85 के मुकाबले करीब 0.20 फीसदी नीचे रहा. दिन के कारोबार में शेयर ने ₹3,952 से ₹3,994.50 के बीच का दायरा देखा. हालांकि, इस साल अब तक टाइटन के शेयर ने 22 फीसदी का रिटर्न दिया है। यह बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-सेंसेक्स सहित ज्यादातर बड़े इंडेक्स और टाटा ग्रुप के ज्यादातर शेयरों से बेहतर है।
क्या करती है टाइटन?
Titan Company BSE Sensex की प्रमुख कंपनियों में शामिल है और इसका मौजूदा मार्केट कैप लगभग ₹3.52 लाख करोड़ है, जो इसे टाटा ग्रुप की सबसे मूल्यवान कंज्यूमर कंपनियों में शामिल करता है। कंपनी प्रीमियम घड़ियों के साथ ही आईवियर और ज्वैलरी सेक्टर में काम करती है।
