बिजनेस

EPFO में जमा आपके पैसे का क्या करती है सरकार? निवेश या बैंक में ही जमा रहता है सारा पैसा

यह सवाल कई कर्मचारियों के मन में होता है कि उनके PF में जमा होने वाला पैसा आख़िर होता क्या है। क्या यह सिर्फ आपके PF अकाउंट में पड़ा रहता है या सरकार इसे कहीं निवेश करके बढ़ाती भी है? EPFO इस पूरे फंड को कैसे मैनेज करता है और आपका पैसा कहां-कहां लगाया जाता है आइए आपको आज बताते हैं.

Image

epfo

हम में से ज्यादातर लोग नौकरी करते समय हर महीने अपनी सैलरी स्लिप में PF कटता हुआ देखते हैं। चाहे आप सरकारी नौकरी में हों या प्राइवेट सेक्टर में, EPF आपकी बचत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। हर महीने आपकी सैलरी का एक हिस्सा (आमतौर पर 12%) EPF अकाउंट में जमा होता है, और उतनी ही राशि आपकी कंपनी भी जमा करती है। यह पैसा बैंक अकाउंट की तरह सुरक्षित रहता है और इस पर हर साल सरकार की ओर से ब्याज दिया जाता है।

लेकिन असली सवाल यही है कि इतना बड़ा फंड सिर्फ अकाउंट में पड़ा रहता है, या सरकार इसे कहीं निवेश भी करती है? अगर निवेश करती है, तो कहां और कैसे? आइए इसे बिल्कुल आसान भाषा में समझते हैं।

क्या PF का पैसा अकाउंट में पड़ा रहता है?

बहुत से लोग सोचते हैं कि PF में जमा पैसा बस एक डिजिटल बैलेंस की तरह पड़ा रहता है और सरकार इसे छूती नहीं है। लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। आपके EPF का पैसा सुरक्षित तो रहता है, लेकिन यह अकाउंट में ऐसे ही नहीं पड़ा रहता। EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) इसे निवेश करता है, ताकि इस पर आपको ब्याज मिल सके।

EPFO सरकार और केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) द्वारा बनाए गए दिशानिर्देशों के तहत ही निवेश करता है। इसका मतलब है कि निवेश बहुत ही सुरक्षित स्रोतों में किया जाता है – जहां जोखिम बेहद कम हो और रिटर्न स्थिर मिल सके।

सरकार PF का पैसा कहां निवेश करती है?

PF का सबसे बड़ा हिस्सा डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश किया जाता है, जो बेहद सुरक्षित निवेश माने जाते हैं। डेट इंस्ट्रूमेंट्स का मतलब होता है सरकारी बॉन्ड, सरकारी सिक्योरिटीज और सरकार की गारंटी वाले वित्तीय साधन। इन साधनों में नुकसान की संभावना लगभग शून्य होती है, इसलिए EPFO यहां बड़ी मात्रा में निवेश करता है। 31 मार्च 2024 तक EPFO के पास कुल 24.75 लाख करोड़ रुपये का फंड था, जिसमें से लगभग 22.41 लाख करोड़ रुपये केवल डेट इंस्ट्रूमेंट्स में लगाए गए थे। यानी साफ है कि आपके PF के पैसों का करीब 90% हिस्सा सुरक्षा वाले सरकारी साधनों में जाता है, ताकि आपका पैसा हमेशा सुरक्षित रहे और उस पर आपको स्थिर ब्याज भी मिलता रहे।

क्या PF का पैसा शेयर बाजार में भी लगाया जाता है?

हां, EPFO शेयर बाजार में निवेश करता है, लेकिन बहुत ही सीमित मात्रा में और सीधे किसी कंपनी के शेयर खरीदकर नहीं। EPFO सिर्फ ETFs यानी Exchange Traded Funds में निवेश करता है। ETF को आप शेयर बाजार का एक पैकेट समझ सकते हैं, जिसमें कई कंपनियों के शेयर शामिल होते हैं। EPFO का निवेश मुख्य रूप से इंडेक्स आधारित ETFs में जाता है, जैसे Nifty 50 ETF, Sensex ETF, Bharat 22 ETF और CPSE ETF। इसका मतलब है कि EPFO किसी एक कंपनी पर दांव नहीं लगाता, जिससे जोखिम काफी कम हो जाता है और लंबे समय में स्थिर और बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

ETF में कब कितना निवेश हुआ?

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक EPFO ने अगस्त 2015 से ETF में निवेश शुरू किया था। इसके बाद हर साल निवेश बढ़ता गया:

  • 2017-18: ₹22,765.99 करोड़
  • 2018-19: ₹27,974.25 करोड़
  • 2019-20: ₹31,501.11 करोड़
  • 2020-21: ₹32,070.84 करोड़
  • 2021-22: ₹43,568.08 करोड़
  • 2022-23: ₹53,081.26 करोड़
  • 2023-24: ₹57,184.24 करोड़
  • 2024-25 (अक्टूबर तक): ₹34,207.93 करोड़

इससे साफ है कि PF का पैसा लंबे समय के सुरक्षित और स्थिर रिटर्न वाले फंड्स में लगाया जाता है।

PF का निवेश क्यों जरूरी है?

अगर PF का पैसा बिना निवेश के ही पड़ा रहे, तो इस पर ब्याज देना मुश्किल हो जाए। ब्याज तभी मिलता है जब वह पैसा आगे निवेश किया जाता है और उससे कमाई होती है। EPFO बहुत सावधानी से निवेश करता है ताकि पैसा बिल्कुल सुरक्षित रहे, सरकार तय ब्याज दर आसानी से दे सके और PF फंड लगातार मजबूत बना रहे। इसका फायदा आपको मिलता है रिटायरमेंट पर बड़ी रकम और स्थिर बचत के रूप में।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article