Stock market boom: भारतीय शेयर बाजार में बीते पांच कारोबारी सत्रों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है, जिससे निवेशकों की कुल संपत्ति में 32 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इस उछाल की वजह विदेशी निवेशकों की जोरदार खरीदारी और घरेलू स्तर पर मजबूत कारोबारी संकेत रहे। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 855.30 अंक यानी 1.09% की तेजी के साथ 79,408.50 अंकों पर बंद हुआ। निवेशकों का उत्साह देखते ही बन रहा है, और बाजार में चौतरफा खरीदारी का माहौल रहा।
भारतीय शेयर बाजार ।
पांच सत्रों में 7.53% की बढ़त, 5 ट्रिलियन डॉलर क्लब में भारत
पिछले 5 कारोबारी दिनों में सेंसेक्स ने कुल 5,561.35 अंक या 7.53% की बढ़त दर्ज की है। इस तेजी के साथ बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 32,03,295.8 करोड़ रुपये बढ़कर 4,25,85,629.02 करोड़ रुपये हो गया है। यह आंकड़ा लगभग 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर है।
तिमाही नतीजों और बैंकिंग सेक्टर की मजबूती बनी सहारा
विश्लेषकों का कहना है कि बैंकों के शानदार तिमाही नतीजे और सकारात्मक घरेलू संकेतकों की वजह से बाजार में भरोसा लौटा है। लेमन मार्केट्स डेस्क के सतीश चंद्र अलूरी ने बताया, “बाजार की शुरुआत से ही मजबूती रही और दिनभर खरीदारी का दबदबा बना रहा।”
विदेशी निवेशकों की लिवाली ने बढ़ाया बाजार का जोश
एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशकों) की लगातार खरीदारी और सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने भी इस तेजी को समर्थन दिया। आगामी तिमाही नतीजों को लेकर निवेशकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
