Upcoming IPO In 2025: रक्षा उपकरण बनाने वाली एसएमपीपी, ब्रिगेड होटल और पीवीसी ब्लेंड आधारित निर्माण सामग्री बनाने वाली कंपनी कुमार आर्क टेक समेत आठ फर्मों को IPO के जरिये 6,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाने के लिए SEBI की मंजूरी मिल गई है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने जिन अन्य कंपनियों को आईपीओ लाने की मंजूरी दी है, उनमें सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस, इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज, ग्लोब सिविल प्रोजेक्ट्स और प्रोस्टारम इन्फो सिस्टम्स शामिल हैं। बाजार नियामक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इन फर्मों का लक्ष्य कुल मिलाकर 6,500 करोड़ रुपये से अधिक जुटाना है।
ये भी पढ़ें -
विनी कॉरपोरेशन ने वापस लिया आवेदन
सेबी को अक्टूबर और नवंबर के बीच इन कंपनियों से आईपीओ लाने के आवेदन मिले थे। इसके लिए 28-31 जनवरी के बीच सेबी ने निष्कर्ष जारी किए। सेबी की भाषा में निष्कर्ष मिलने का मतलब आईपीओ लाने की अनुमति है।
इस बीच, वाहन कलपुर्जा कंपनी विनी कॉरपोरेशन ने बिना कोई कारण बताए 27 जनवरी को आईपीओ लाने के अपने आवेदन को वापस ले लिया।
एसएमपीपी लिमिटेड का होगा 4,000 करोड़ रुपये का IPO
दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, एसएमपीपी लिमिटेड के 4,000 करोड़ रुपये के आईपीओ में 580 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का नया इश्यू शामिल है। इसके अलावा प्रमोटर शिव चंद कंसल 3,420 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेंगे।
ब्रिगेड होटल वेंचर्स आईपीओ के जरिये 900 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस निर्गम से मिली 481 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा 412 करोड़ रुपये कंपनी को तथा 69 करोड़ रुपये इसकी अनुषंगी कंपनी एसआरपी प्रॉसपेरिटा होटल वेंचर्स लिमिटेड को आवंटित किए जाएंगे।
बाकी IPO की डिटेल
कुमार आर्क टेक के आईपीओ में 240 करोड़ रुपये के नए शेयर और 500 करोड़ रुपये का OFS शामिल होगा। सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस के आईपीओ में 550 करोड़ रुपये का नया इश्यू और 50 करोड़ रुपये का OFS शामिल होगा।
इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज आईपीओ से 200 करोड़ रुपये जुटाना चाह रही है। ग्लोब सिविल प्रोजेक्ट्स का आईपीओ पूरी तरह 1.9 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया इश्यू होगा। इसी तरह बिजली उत्पाद समाधान तैयार करने वाली कंपनी प्रोस्टारम इन्फो सिस्टम्स के आईपीओ में 1.6 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया इश्यू होगा और इसमें कोई ओएफएस शामिल नहीं है। (इनपुट - भाषा)
