Swiggy-Zomato के डिलीवरी वर्कर से Ola-Uber के ड्राइवर तक, सबको मिलेगी पेंशन!

देश के करीब 15 लाख गिग वर्कर्स को साल के अंत में बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। केंद्री सरकार दिसंबर से Gig Workers Pension Scheme की शुरुआत कर सकती है।

Gig Workers Pension Scheme : देश के करीब 15 लाख गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए साल 2026 का अंत बड़ी खुशखबरी लेकर आ सकता है। केंद्र सरकार दिसंबर 2026 के आखिर तक इन कामगारों के लिए पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और दूसरी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं वाली योजना का ऐलान कर सकती है। इस योजना के दायरे में Swiggy, Zomato, Uber, Ola, Rapido और Urban Company जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़े कर्मचारी आ सकते हैं।

Swiggy Zomato Gig Workers Pension Scheme

गिग वर्कर्स को मिलेगी सोशल सिक्योरिटी

इस प्रस्तावित योजना का प्राथमिक लाभ उन करीब 15 लाख गिग वर्कर्स को मिल सकता है, जो e-Shram पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं और जिनका डेटा संबंधित प्लेटफॉर्म कंपनियों ने सरकार के साथ साझा किया है। सरकार का मकसद ऐसे कामगारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है, जिन्हें आमतौर पर नियमित नौकरी की तरह पेंशन और बीमा जैसी सुविधाएं नहीं मिलती हैं।

गिग वर्कर्स को क्या-क्या सुविधाएं मिल सकती हैं?

प्रस्तावित योजना में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को कई तरह की सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने पर विचार हो रहा है। इनमें सबसे अहम बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा के लिए पेंशन की सुविधा है। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा, मातृत्व लाभ और जीवन एवं दिव्यांगता बीमा भी योजना का हिस्सा हो सकते हैं। इसका फायदा उन लोगों को मिल सकता है, जो फूड डिलीवरी, कैब सर्विस, बाइक टैक्सी, घरेलू सेवाओं और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए काम करते हैं। हालांकि, इन सुविधाओं की वास्तविक पात्रता, कवरेज और लाभ की रकम का अंतिम ऐलान होना बाकी है।

प्रस्तावित सुविधाकामगारों को संभावित फायदा
पेंशनबुढ़ापे में नियमित आर्थिक सुरक्षा
स्वास्थ्य बीमाइलाज और अस्पताल के खर्च में सहायता
मातृत्व लाभगर्भावस्था और मातृत्व के दौरान आर्थिक सहायता
जीवन बीमामृत्यु की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा
दिव्यांगता बीमादिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता
Edit

कंपनियों से कैसे जुटाया जाएगा पैसा?

योजना को लागू करने के लिए सबसे बड़ा सवाल इसके फंड का है। सरकार के सामने सामाजिक सुरक्षा फंड के लिए पैसा जुटाने के दो संभावित मॉडल हैं। इन पर अगले महीने नेशनल सोशल सिक्योरिटी बोर्ड की बैठक में चर्चा होने की संभावना है।

टर्नओवर आधारित मॉडल : इस मॉडल के तहत Swiggy, Zomato, Uber और Ola जैसी एग्रीगेटर कंपनियों को अपने सालाना टर्नओवर का 2% सामाजिक सुरक्षा फंड में जमा करना पड़ सकता है। यानी कंपनी के कारोबार के आकार के आधार पर उसका योगदान तय होगा।

पेआउट आधारित मॉडल : दूसरा विकल्प पेआउट आधारित मॉडल है। इसमें कंपनियों को अपने कामगारों को किए जाने वाले भुगतान या ट्रांजैक्शन वैल्यू का 2% सामाजिक सुरक्षा फंड में योगदान देना होगा। इस मॉडल में कंपनी के कामगारों को किए जाने वाले भुगतान और लेनदेन के मूल्य को आधार बनाया जाएगा।

दिसंबर में हो सकता है फैसला

नेशनल सोशल सिक्योरिटी बोर्ड की अगली बैठक में गिग वर्कर्स के लिए प्रस्तावित सामाजिक सुरक्षा उपायों और फंडिंग मॉडल पर चर्चा होनी है। बोर्ड में सरकार, एग्रीगेटर कंपनियों, कामगार संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों के प्रतिनिधि शामिल हैं। गौरतलब है कि सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 में पहली बार गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया है। इस कोड के तहत उनके लिए जीवन और दिव्यांगता कवर, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य और मातृत्व लाभ तथा बुढ़ापे की सुरक्षा जैसी योजनाएं बनाने का प्रावधान है। सामाजिक सुरक्षा फंड बनाने का भी प्रावधान किया गया है।

End Article
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अध...

End of Feed