Stock Market Today Nifty Sensex : 14 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी सत्र की शुरुआत के बाद सुस्ती नजर आई। एक दिन पहले जोरदार तेजी दर्ज करने वाले Sensex और Nifty आज शुरुआती कारोबार में मामूली गिरावट के साथ ट्रेड करते दिखे। दूसरी ओर, रुपये में मजबूती जारी रही है।
भारतीय शेयर बाजार
लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। बाजार में IT शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जबकि बैंकिंग, फार्मा और हेल्थकेयर जैसे सेक्टर दबाव में रहे।
शुरुआती कारोबार में Sensex 73,178.98 से 72,894.41 के बीच कारोबार करता दिखा। इसी तरह निफ्टी 22,752.30 के हाई और 22,663.80 के लो के बीच झूलता नजर आ रहा है।
रुपये में मजबूती जारी
करेंसी मार्केट से निवेशकों के लिए राहत की खबर है। इंटरबैंक करेंसी ट्रेड में रुपया डॉलर के मुकाबले 94.93 तक मजबूत हो गया है। 8 सितंबर के बाद यह रुपये का सबसे मजबूत स्तर है।इससे पहले मंगलवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 95.79 पर बंद हुआ था। यानी रुपये में कल के बंद भाव से आज के इंट्रा डे हाई तक 86 पैसे की मजबूती आई है।
पिछले दिनों Reserve Bank of India (RBI) ने डॉलर की मांग और करेंसी बाजार में सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इन उपायों से रुपये को सहारा मिला है।
क्रूड ऑयल फिर 106 डॉलर के पार
कच्चे तेल ने एक बार फिर बाजार की चिंता बढ़ा दी है। Brent Crude Oil बुधवार को 107.13 तक उछल गया। कल के क्लोजिंग प्राइस 105.69 की तुलना में ब्रेंट क्रूड में 1.36% की तेजी आई है।
हालांकि, निवेशकों को यह बात ज्यादा परेशान कर रही है कि ब्रेंट क्रूड पिछले करीब 1 महीने से भी ज्यादा समय से लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है। वहीं, इंडियन बास्केट में अब तक अक्टूबर का औसत प्राइस 122.33 डॉलर प्रति बैरल है, जो पिछले महीने से भी ज्यादा है।
IT शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा
सेक्टर के लिहाज से IT शेयर बाजार को सहारा देते नजर आए। शुरुआती कारोबार में Nifty IT इंडेक्स 1.26% चढ़कर 30,207.20 पर पहुंच गया। मीडिया इंडेक्स में 0.21% और FMCG इंडेक्स में 0.19% की तेजी थी।
मंगलवार को भी IT शेयरों में मजबूत खरीदारी के चलते बाजार को बढ़त मिली थी। निवेशकों की नजर अब कंपनियों के तिमाही नतीजों और आगे के कारोबारी संकेतों पर है।
इसके उलट Nifty Pharma करीब 0.95%, Healthcare Index 0.94% और PSU Bank इंडेक्स 0.82% नीचे था। Nifty Financial Services में भी 0.49% की गिरावट रही। यानी शुरुआती कारोबार में खरीदारी चुनिंदा सेक्टरों तक सीमित रही।
