आमतौर पर शनिवार और रविवार को शेयर बाजार बंद रहते हैं। वीकेंड पर शेयर मार्केट खुलता है तो उसकी विशेष सूचना दी जाती है। उदाहरण के लिए, 1 फरवरी 2025 को बजट के दिन बाजार खुला था, लेकिन इसकी जानकारी पहले ही दी गई थी। अब 7 जून 2025, शनिवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) एक विशेष सत्र आयोजित कर रहा है। लेकिन यह लाइव ट्रेडिंग नहीं, बल्कि मॉक ट्रेडिंग सेशन (प्रशिक्षण सत्र) होगा।
क्या आज शेयर बाजार खुलेगा।
NSE ने जारी किया सर्कुलर
NSE द्वारा 5 जून को जारी सर्कुलर में बताया गया कि 7 जून को कैपिटल मार्केट सेगमेंट में एक मॉक ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा। यह सत्र उन सभी सदस्यों के लिए उपलब्ध रहेगा जो लाइव मार्केट में ट्रेडिंग के लिए पात्र हैं। इसके अलावा, यह मॉक सेशन फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O), करेंसी डेरिवेटिव्स, और कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी आयोजित होगा।
NSE मॉक ट्रेडिंग सेशन के समय
- स्पेशल प्री-ओपन सेशन (IPO व री-लिस्टेड सिक्योरिटीज के लिए): सुबह 11:00 बजे से 11:45 बजे तक
- नॉर्मल मार्केट सेशन की शुरुआत: 11:15 बजे
- सेशन का समापन: 2:20 बजे
मॉक ट्रेडिंग सेशन क्या होता है?
मॉक ट्रेडिंग सेशन एक ट्रायल रन होता है जिसे एक्सचेंज द्वारा आमतौर पर शनिवार को आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य ब्रोकरों को अपने ट्रेडिंग सिस्टम, नए प्रोडक्ट्स या आपातकालीन स्थितियों के अभ्यास के लिए एक मंच देना होता है।
इस सत्र में होने वाली ट्रेडिंग वास्तविक नहीं होती है। इसका असर न तो पोर्टफोलियो पर पड़ता है और न ही वास्तविक लाभ-हानि पर। सेशन समाप्त होते ही, शुक्रवार की क्लोजिंग वैल्यू ही पोर्टफोलियो में दर्शाई जाती है।
