Stock Market Closing Nifty Sensex Today : शेयर बाजार में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बिकवाली हावी रही। जहां एक तरफ बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स सहित ज्यादातर बड़े बेंचमार्क इंडेक्स लुढ़ककर बंद हुए। हालांकि, ब्रॉड मार्केट में खरीदारी का मोमेंटम जारी रहा, जिसकी वजह से ओवरऑल मार्केट ब्रेड्थ मजबूत बनी रही।
शेयर बाजार में गिरावट हावी
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन BSE Sensex करीब 989 अंक टूटकर 83,339.26 पर बंद हुआ। वहीं, NSE Nifty 50 में 277.30 अंकों की गिरावट आई और यह 25,607.20 के स्तर पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांकों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में बिकवाली का दबाव इतना ज्यादा रहा कि निफ्टी 50 के 50 शेयरों में से 40 गिरावट के साथ बंद हुए।
मार्केट ब्रेड्थ मजबूत
बाजार मे आज खासतौर पर उन बड़े शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है, जिनमें पिछले एक महीने में जमकर खरीदारी देखने को मिली थी। BSE पर कुल 3,748 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,119 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,514 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
कैसा रहा सेक्टोरल मार्केट का हाल?
सेक्टोरल मोर्चे पर शुक्रवार को सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर में देखने को मिला। निफ्टी आईटी 1.88 फीसदी, ऑटो 1.48 फीसदी, रियल्टी 1.43 फीसदी, फाइनेंशियल सर्विसेज 1.21 फीसदी और प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.12 फीसदी टूटकर बंद हुए। इसके अलावा सीमेंट में 1.05 फीसदी, FMCG में 0.93 फीसदी और PSU बैंक में 0.40 फीसदी की गिरावट रही। दूसरी ओर, मेटल इंडेक्स 1.40 फीसदी की तेजी के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। केमिकल्स इंडेक्स 1.37 फीसदी, मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम 0.98 फीसदी, मीडिया 0.53 फीसदी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.26 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। कुल मिलाकर बाजार में गिरावट के बावजूद मेटल, केमिकल्स और मीडिया शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।
रुपये में 54 पैसे की बड़ी गिरावट
शेयर बाजार के साथ रुपये पर भी दबाव देखने को मिला। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 54 पैसे कमजोर होकर 92.99 के स्तर पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया 92.45 पर बंद हुआ था। शुक्रवार को कारोबार के दौरान रुपये ने 93.0025 का निचला स्तर भी छुआ।
सोने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार में शुक्रवार को सोने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रही। गोल्ड का भाव 2.90 फीसदी उछलकर 3,670.67 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोना 3,685.33 डॉलर तक गया। ब्रेंट क्रूड 0.81 फीसदी की बढ़त के साथ 97.17 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं, क्रूड ऑयल का भाव 1 फीसदी बढ़कर 85.78 डॉलर पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों में तेजी
भारतीय बाजार में गिरावट के बीच ज्यादातर प्रमुख एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई 225 करीब 1.96 फीसदी चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग 1.99 फीसदी और दक्षिण कोरिया का KOSPI 4.16 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 3.59 फीसदी उछला। यूरोपीय बाजारों में भी शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी रही। ब्रिटेन का FTSE 0.74 फीसदी और जर्मनी का DAX 0.74 फीसदी ऊपर था। हालांकि, भारतीय बाजार के लिए ग्लोबल संकेतों का असर सकारात्मक नहीं रहा।
