Sri Lotus Developers IPO: शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गजों से जुड़ी एक कंपनी के आईपीओ में निवेशकों ने दिल खोलकर पैसा लगाया है। जितनी चर्चा इस कंपनी के नाम और कनेक्शन को लेकर हुई, उतनी ही तेजी से इसका आईपीओ भी सब्सक्राइब हुआ। सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन तक यह इश्यू कई गुना भर गया और अब हर किसी की नजर टिकी है इस बात पर कि शेयर अलॉटमेंट कब होगा, और उन्हें कितना फायदा मिलेगा। अगर आपने भी इस आईपीओ में निवेश किया है, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि अलॉटमेंट कब होगा, कहां चेक कर सकते हैं स्टेटस और कितनी हो सकती है इसकी लिस्टिंग प्राइस सारी जानकारी आपको इस आर्टिकल में मिलेगी।
जबरदस्त मिला रिस्पॉन्स
रियल एस्टेट सेक्टर में काम करने वाली कंपनी श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। 30 जुलाई से 1 अगस्त 2025 तक खुले इस पब्लिक इश्यू में निवेशकों ने खूब पैसा लगाया, जिसके चलते यह आईपीओ कुल 74.10 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी ने इस आईपीओ के जरिए बाजार से कुल ₹792 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।
इस आईपीओ में अलग-अलग निवेशक कैटेगरीज से भारी दिलचस्पी देखने को मिली। खासतौर पर क्यूआईबी यानी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की कैटेगरी में इसे 175.61 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स की कैटेगरी में यह 61.82 गुना और रिटेल निवेशकों की कैटेगरी में 21.77 गुना तक सब्सक्राइब हुआ।
कब होगा अलॉटमेंट
अब जब सब्सक्रिप्शन का दौर खत्म हो गया है, तो निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग डेट पर टिक गई है। श्री लोटस डेवलपर्स का शेयर अलॉटमेंट 4 अगस्त 2025, सोमवार को होने की उम्मीद है। निवेशक अपने अलॉटमेंट स्टेटस की जानकारी कंपनी के रजिस्ट्रार KFin Technologies की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा बीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अलॉटमेंट चेक किया जा सकता है।
ग्रे मार्केट में हाल
आईपीओ के ग्रे मार्केट में भी इसके शेयर को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, श्री लोटस डेवलपर्स आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹37 रुपये प्रति शेयर है। अगर इसे कंपनी के ऊपरी प्राइस बैंड ₹150 में जोड़ा जाए, तो संभावित लिस्टिंग प्राइस ₹187 रुपये तक पहुंच सकता है। यानी निवेशकों को लिस्टिंग के समय करीब 24.67% का मुनाफा होने की संभावना है।
इस आईपीओ का प्राइस बैंड ₹140 से ₹150 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था, और एक लॉट में 100 शेयर शामिल थे। लिस्टिंग की संभावित तारीख 6 अगस्त 2025 बताई जा रही है। यह आईपीओ बीएसई और एनएसई दोनों स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होगा।
