Spotify Layoff 2023: ऑनलाइन म्यूजिक स्ट्रीमिंग सर्विस प्रोवाइडर कंपनी स्पॉटिफाई (Spotify) अपनी लागत कम करने और लाभ की स्थिति में पहुंचने (प्रॉफिटेबल बनने) के लिए दुनिया भर में लगभग 1,500 कर्मचारियों की छंटनी करेगी।
यह स्पॉटिफाई में इस साल होने वाली तीसरी छंटनी होगी। इससे पहले कंपनी ने जनवरी में करीब छह प्रतिशत कर्मचारियों और जून में दो प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की थी। स्पॉटिफाई के चीफ एग्जेक्यूटिव ऑफिसर डेनियल इक ने सोमवार को कंपनी के ब्लॉग पर 17 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नौकरियों में यह कटौती 'स्ट्रेटेजी' के तहत की जा रही है, जिसमें कम वर्कफोर्स के साथ मुनाफे पर जोर दिया गया है।
4100 करोड़ रु का घाटा
इक ने अपनी पोस्ट में हटाए जाने वाले कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई। लेकिन कंपनी के एक प्रवक्ता ने करीब 1,500 कर्मचारियों को दुनिया भर में हटाए जाने की पुष्टि की। स्टॉकहोम स्थित कंपनी साल 2023 में सितंबर तक करीब 50 करोड़ डॉलर या 4168 करोड़ रु के शुद्ध घाटे में रही है।
स्पॉटिफाई ने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों, कंटेंट और मार्केटिंग पर 2020 और 2021 में बड़े पैमाने पर निवेश किया था। इसके लिए कंपनी ने सस्ती दरों पर कर्ज लिया, लेकिन बाद में ब्याज दर बढ़ने से कंपनी की समस्याएं बढ़ने लगीं।
मुश्किल में है कंपनी
इक ने अपनी पोस्ट में बढ़ी हुई ब्याज दरों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साल दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने ब्याज दरें बढ़ानी शुरू कर दीं। अब हम बहुत मुश्किल हालात में हैं। बीते एक साल में लागत घटाने की तमाम कोशिशों के बावजूद हमें कॉस्ट स्ट्रक्चर पर खास ध्यान देने की जरूरत है।
महामारी के दौरान कारोबार में तेजी से विस्तार करने वाली कई अन्य टेक्नोलॉजी कंपनियों ने भी इस साल हजारों कर्मचारियों की छंटनी की है। इनमें अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा और आईबीएम शामिल हैं।
