Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 4 November 2025 : सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। कभी कीमतें बढ़ रही हैं तो कभी घट रही हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार मंगलवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,20,419 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं चांदी का भाव भी लुढ़क कर 1,46,150 रुपये प्रति किलो हो गया। मंगलवार को घरेलू वायदा कारोबार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 836 रुपये या 0.69 प्रतिशत गिरकर 1,20,573 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसी तरह MCX पर चांदी के वायदा भाव 1,558 रुपये या 1.05 प्रतिशत गिरकर 1,46,200 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। ग्लोबली सोना गिरकर 3,994.81 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी घटकर 47.75 डॉलरप्रति औंस हो गई। अब जानते हैं IBJA द्वारा जारी किए गए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम। साथ में चांदी की कीमत भी।
सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| शुद्धता | सुबह के रेट | दोपहर के रेट | शाम के रेट |
| सोना 24 कैरेट | 120777 रुपये प्रति 10 ग्राम | 119916 रुपये प्रति 10 ग्राम | 120419 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 23 कैरेट | 120293 रुपये प्रति 10 ग्राम | 119436 रुपये प्रति 10 ग्राम | 119937 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 22 कैरेट | 110632 रुपये प्रति 10 ग्राम | 109843 रुपये प्रति 10 ग्राम | 110304 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 18 कैरेट | 92583 रुपये प्रति 10 ग्राम | 89937 रुपये प्रति 10 ग्राम | 90314 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 14 कैरेट | 70655 रुपये प्रति 10 ग्राम | 70151 रुपये प्रति 10 ग्राम | 70445 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| चांदी 999 | 149300 रुपये प्रति किलोग्राम | 145800 रुपये प्रति किलोग्राम | 146150 रुपये प्रति किलोग्राम |
पिछले दिन क्या रहा सोना का भाव
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय दिल्ली सर्राफा संघ ने कहा कि मजबूत डॉलर और कम होती वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों की सुरक्षित निवेश की डिमांड कम होने से सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने की कीमत 300 रुपये टूटकर 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। 99.5 प्रतिशत शुद्धता (23 कैरेट) वाले सोने की कीमत 300 रुपये टूटकर 1,24,700 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। शुक्रवार को यह 1,25,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता (24 कैरेट) वाला सोना शुक्रवार को 1,25,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
पिछले दिन क्या रहा चांदी का भाव
दूसरी ओर, अखिल भारतीय दिल्ली सर्राफा संघ के मुताबिक चांदी शुक्रवार के बंद भाव 1,53,000 रुपये प्रति किलोग्राम से 1,000 रुपये बढ़कर 1,54,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना-चांदी का भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,000 डॉलर से नीचे 3,996.77 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि हाजिर चांदी मामूली गिरावट के साथ 48.64 डॉलर प्रति औंस पर रही।
वायदा बाजार में सोना का भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में दिसंबर में आपूर्ति वाले कॉन्ट्रैक्ट के सोने का भाव 483 रुपये या 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,21,715 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 13,230 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
चांदी का वायदा भाव
इस बीच चांदी में भी तेजी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 909 रुपये या 0.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,49,196 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 19,935 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
वैश्विक स्तर पर सोना का वायदा भाव
वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को तेजी दर्ज की गई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन को उन्नत कृत्रिम मेधा ‘हार्डवेयर’ के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की खबरों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सुरक्षित निवेश की मामूली मांग के कारण कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर भी सोना व चांदी की कीमतों में तेजी रही। कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,007.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दूसरी ओर चांदी की कीमत 0.66 प्रतिशत बढ़कर 48.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि सोने की कीमतें सोमवार को 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे गिर गईं, जो पिछले सत्र की गिरावट को और बढ़ाती है। इसका कारण ब्याज दर में और कटौती की उम्मीद सीमित होने और अमेरिका-चीन व्यापार समझौते के बाद सुरक्षित निवेश की मांग कम हो गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एक्सपर्ट (कॉमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि व्यापारियों की नजर अब इस सप्ताह के अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी, जिसमें आईएसएम पीएमआई आंकड़े और एडीपी निजी पेरोल आंकड़े शामिल हैं। इन आंकड़ों के जारी होने से मौद्रिक नीति के बारे में और संकेत मिलेंगे।
इस बीच चीन ने सोने की बिक्री पर लंबे समय से चली आ रही टैक्स प्रोत्साहन राशि को हटा दिया है। इस कदम से उपभोक्ता कीमतें बढ़ सकती हैं और दुनिया के सबसे बड़े सर्राफा बाजारों में से एक में मांग कमजोर हो सकती है।
