Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 26 August 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में फिर बदलाव हुए। लगातार कई दिनों तक गिरावट के बाद फिर कीमतों में बढ़ोतरी जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट के सोने की कीमत बढ़कर 100884 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 115870 रुपये प्रति किलो हो गई। आगे जानिए 24, 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
सोना-चांदी का ताजा रेट जानिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| सोना-चांदी की शुद्धता | सुबह का रेट | दोपहर का रेट | शाम का रेट |
| सोना 24 कैरेट | 100488 रुपये प्रति 10 ग्राम | 100827 रुपये प्रति 10 ग्राम | 100884 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 23 कैरेट | 100086 रुपये प्रति 10 ग्राम | 100423 रुपये प्रति 10 ग्राम | 100480 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 22 कैरेट | 92047 रुपये प्रति 10 ग्राम | 92358 रुपये प्रति 10 ग्राम | 92410 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 18 कैरेट | 75366 रुपये प्रति 10 ग्राम | 75620 रुपये प्रति 10 ग्राम | 75663 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 14 कैरेट | 58786 रुपये प्रति 10 ग्राम | 58984 रुपये प्रति 10 ग्राम | 59017 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| चांदी 999 | 116133 रुपये प्रति किलो | 116525 रुपये प्रति किलो | 115870 रुपये प्रति किलो |
पिछले दिन क्या रहे सोने-चांदी के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि वैश्विक बाजारों में मंदी के रुख के अनुरूप स्टॉकिस्ट की बिकवाली के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 200 रुपये टूटकर 1,00,170 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,00,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 150 रुपये टूटकर 99,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गया। पिछले सत्र में यह 1,00,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। संघ के अनुसार, इस बीच चांदी की कीमतें 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर स्थिर रहीं। वैश्विक बाजारों में, न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,363.45 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। हाजिर चांदी भी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38.78 डॉलर प्रति औंस रह गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि डॉलर में तेजी और बॉन्ड प्रतिफल में सुधार के कारण सोमवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई। गांधी ने कहा कि शुरुआती बेरोजगारी दावों और पीसीई मुद्रास्फीति सहित प्रमुख अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़े महत्वपूर्ण होंगे। व्यापारियों का मानना है कि ये सभी आंकड़े इस सप्ताह सर्राफा कीमतों को प्रभावित करेंगे। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस एवं मुद्रा प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि सोने में सोमवार को गिरावट देखी जा रही है और अगर अमेरिकी रोजगार बाजार कमजोर होता है, तो ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ने के साथ इसके सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने की उम्मीद है। मेहता इक्विटीज के उपाध्यक्ष-जिंस राहुल कलंत्री ने कहा कि पिछले सप्ताह जैक्सन हॉल संगोष्ठी में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल की नरम रुख वाली टिप्पणियों के बाद सोने और चांदी की कीमतों में तेजी से उछाल आया। पावेल ने संकेत दिया कि केंद्रीय बैंक दिसंबर के बाद पहली बार ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी एफओएमसी बैठक 16-17 सितंबर को होने वाली है।
वायदा बाजार में सोने के भाव
कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव सोमवार को 34 रुपये की गिरावट के साथ 1,00,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 34 रुपये या 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,00,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 12,721 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,365 डॉलर प्रति औंस रहा।
वायदा बाजार में चांदी की कीमत
कारोबारियों के सौदों का आकार कम करने से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत सोमवार को 28 रुपये की गिरावट के साथ 1,16,208 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में चांदी के सितंबर महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 28 रुपये यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,16,208 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 12,841 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि बाजार में मौजूदा स्तर पर कारोबारियों की बिकवाली से मुख्यत: चांदी वायदा कीमतों में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38.86 डॉलर प्रति औंस रही।
