बिजनेस

Share Market Today: शेयर बाजार के लिए आखिरी कारोबारी दिन भी रहा लाल, सेंसेक्स 1400 तो निफ्टी 400 से ज्यादा अंक फिसला

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,414.33 अंक या 1.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,198 और निफ्टी 420.35 अंक या 1.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,124 पर था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,221.55 अंक या 2.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 47,915 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 456 अंक या 3.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,700 पर बंद हुआ।

Image

शेयर बाजार के लिए आखिरी कारोबारी दिन भी रहा लाल

Photo : Times Now Digital

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार के लिए शुक्रवार का कारोबारी सत्र नुकसान वाला रहा। बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,414.33 अंक या 1.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,198 और निफ्टी 420.35 अंक या 1.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,124 पर था। तेज गिरावट के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये गिरकर 383 लाख करोड़ रुपये रह गया है, जो कि गुरुवार को 393 लाख करोड़ रुपये था।

गिरावट में कौन सबसे आगे?

गिरावट का नेतृत्व मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने किया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,221.55 अंक या 2.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 47,915 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 456 अंक या 3.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,700 पर बंद हुआ। व्यापक बाजार का रुझान भी नकारात्मक था। बीएसई पर 780 शेयर हरे निशान में, 3,214 शेयर लाल निशान में और 88 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए हैं।

निफ्टी का क्या रहा हाल

निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्स में ऑटो में 3.92 प्रतिशत, आईटी में 4.18 प्रतिशत, एफएमसीजी में 2.62 प्रतिशत, एनर्जी में 2.09 प्रतिशत, इन्फ्रा में 2.07 प्रतिशत और फार्मा में 1.92 प्रतिशत की गिरावट हुई। करीब सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, एमएंडएम, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, टाटा मोटर्स, टाइटन, टीसीएस, नेस्ले, मारुति सुजुकी, एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, जोमैटो, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस टॉप लूजर्स थे। केवल एचडीएफसी बैंक ही हरे निशान में बंद हुआ है।

क्या है गिरावट की वजह

फरवरी में बाजार का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा है। 500 में से 450 निफ्टी शेयर लाल निशान में बंद हुए हैं। इस दौरान निफ्टी 5.89 प्रतिशत और सेंसेक्स में 5.55 प्रतिशत की गिरावट हुई है। बाजार में गिरावट की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से टैरिफ के ऐलान को माना जा रहा है, जिसके कारण टैरिफ वार का खतरा पैदा हो गया है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ टेक्निकल एनालिस्ट, रूपक दे का कहना है कि शुक्रवार को निफ्टी में बड़ी गिरावट हुई है। कंसोलिडेशन के ब्रेकडाउन के बाद इसमें 400 अंक से अधिक की गिरावट आई है। आरएसआई ओवरसोल्ड जोन में बना हुआ है, जो कि मंदी के सेंटीमेंट को दिखाता है। निफ्टी के लिए 21,800 और 22,000 एक मजबूत सपोर्ट है। अगर यह इसके ऊपर टिका रहता है तो रिकवरी देखने को मिल सकती है। अगर निफ्टी इसके नीचे जाता है तो गिरावट और बढ़ सकती है।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article