Stock Market Rally: शेयर बाजार निवेशकों को बड़ी राहत मिली है। आज सुबह में बड़ी गिरावट के बाद शेयर मार्केट में जबरदस्त तेजी लौट आई है। सेंसेक्स निचले लेवल से करीब 1000 अंक उछल गया है। आपको बता दें कि आज बाजार खुलते ही गिरावट बढ़ी और एक समय सेंसेक्स टूटकर 82,861 के लेवल पर पहुंच गया। इससे निवेशकों में हाहाकार मच गया। हालांकि, अब जबरदस्त रिकवरी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 146 अंक चढ़कर 83,722.74 पर पहुंच गया है। यानी करीब 1000 अंकों की तेजी बाजार में आ गई है। आखिर, एक झटके में ऐसा क्या हुआ है कि बाजार में इतनी बड़ी तेजी आ गई। अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो चलिये देते हैं।
शेयर मार्केट
अमेरिका से आई अच्छी खबर के दम पर उछला बाजार
भारतीय बाजार में जबरदस्त उछाल अमेरिका से आई अच्छी खबर के कारण हुआ। दरअसल, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने दिल्ली में अपने इनॉगुरल ब्रीफिंग की। उन्होंने भारत–अमेरिका संबंधों को लेकर चर्चा की। गोर ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले एक-दो साल में भारत का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच दोस्ती वास्तविक और मजबूत है। गोर ने कहा, “असली दोस्त कभी-कभी असहमत भी होते हैं, लेकिन वे मतभेदों को सुलझा लेते हैं।”
व्यापार समझौते को लेकर बात करते हुए सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों पक्ष सक्रिय रूप से बातचीत में जुटे हुए हैं और सकारात्मक नतीजों की उम्मीद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका के लिए भारत से ज्यादा महत्वपूर्ण कोई साझेदार नहीं है। गोर के इस बयान को भारत–अमेरिका रणनीतिक, आर्थिक और राजनीतिक संबंधों में और मजबूती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इस खबर के दम पर शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल आया।
क्या अब सबकुछ ठीक और आगे बाजार में लौटेगी तेजी?
स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अभी बाजार में सबकुछ ठीक नहीं हो गया है। बाजार में अभी कमजोरी बनी हुई है। अमेरिकी से आई अच्छी खबर के दम पर बाजार में जरूर उछाल है, लेकिन अभी भी मार्केट अहम सपोर्ट लेवल से नीचे ट्रेड कर रहा है। इसलिए निवेशकों को अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है। अभी कोई नया निवेश से बचने की जरूरत है। बाजार जब 25,800 से ऊपर ट्रेड करने लगे तभी मजबूती लौटेगी। साथ ही कंपनियों के नतीजे काफी अहम होंगे। इसलिए जल्दबाजी में कोई फैसला लेने से बचें।
