बिजनेस

Share Market Today: 7 दिनों की तेजी थमी, शेयर बाजार हुआ धड़ाम, सेंसेक्स 728 तो निफ्टी 181 अंक गिरा

स्थानीय शेयर बाजार में बीते सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 729 अंक लुढ़क गया। वहीं एनएसई निफ्टी 23,500 अंक से नीचे आ गया। वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक अनुबंधों के निपटान से पहले मुख्य रूप से बैंक और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा।

Image

7 दिनों की तेजी थमी, शेयर बाजार हुआ धड़ाम

Photo : Times Now Digital

Share Market Today: स्थानीय शेयर बाजार में बीते सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 729 अंक लुढ़क गया। वहीं एनएसई निफ्टी 23,500 अंक से नीचे आ गया। वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक अनुबंधों के निपटान से पहले मुख्य रूप से बैंक और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 728.69 अंक यानी 0.93 प्रतिशत गिरकर 77,288.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 822.97 अंक तक लुढ़क गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 181.80 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,486.85 अंक पर बंद हुआ।

4000 अंक चढ़ा था सेंसेक्स

सेंसेक्स इससे पिछले सात कारोबारी सत्रों में 4,188.28 अंक यानी 5.67 प्रतिशत चढ़ा था। वहीं एनएसई निफ्टी 1,271.45 अंक यानी 5.67 प्रतिशत मजबूत हुआ था। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, जोमैटो, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, मारुति, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एचडीएफसी बैंक के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और पावर ग्रिड शामिल हैं।

क्यों गिरा बाजार, एक्सपर्ट्स की राय

जियोजीत इनवेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘हाल की तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली। यह मुनाफावसूली अगले सप्ताह अमेरिका में शुल्क दरों की घोषणा से पहले हुई है। औषधि और आईटी जैसे उन क्षेत्रों में कुछ बिकवाली दबाव देखने को मिला, जिनका काफी कारोबार अमेरिकी बाजार से जुड़ा है।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग के हैंगसेंग बढ़त में रहे, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट दर्ज की गई। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को लाभ में रहे थे।

स्मॉलकैप और मिडकैप, कहां कितनी गिरावट

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘....शुरुआती तेजी के बाद निफ्टी कारोबार के पहले सत्र में सीमित दायरे में रहा। लेकिन बाद में मुनाफावसूली से यह नीचे आ गया। मार्च महीने के वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक अनुबंधों के निपटान से पहले प्रतिभागियों ने मुनाफावसूली की। शुल्क दरों को लेकर चर्चा के बीच चिंता बरकरार है। इससे भी धारणा प्रभावित हुई।’’ छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.45 प्रतिशत नीचे आया, जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.67 प्रतिशत टूटा। बीएसई में 3,115 शेयर नुकसान में रहे जबकि 919 शेयरों में तेजी रही। 109 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 5,371.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.44 डॉलर प्रति बैरल रहा। बीएसई सेंसेक्स में मंगलवार को 32.81 अंक और निफ्टी में 10.30 अंक की तेजी रही थी।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article