Rupert Murdoch marriage:मीडिया मुगल के नाम से मशहूर रूपर्ट मर्डोक 92 साल की उम्र में फिर से शादी करने जा रहे हैं। यह उनकी पांचवी शादी होगी। पिछली 4 शादियों से उनके 10 बच्चे हैं। अपनी नई शादी पर मर्डोक ने कहा है कि यह उनकी आखिरी शादी होगी। बलूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार, मर्डोक के पास इस समय 8 अरब डॉलर की दौलत है। और वह दुनिया के 275 वें सबसे अमीर व्यक्ति है। 22 साल की उम्र से अखबार की जिम्मेदारी संभालने वाले रुपर्ट मर्डोक को उनकी मीडिया समझ और नए प्रयोग के लिए जाना जाता है। बीते साल 2022 में उनका तलाक पूरी दुनिया में सुर्खियों में रहा था। उसे सबसे महंगे तलाक में से एक माना जाता है।
रूपर्ट मर्डोक फिर करेंगे शादी
22 साल में संभाला था पिता का अखबार
1952 में पिता की मृत्यु के बाद मर्डोक को ऑस्ट्रेलिया न्यूज लिमिटेड की जिम्मेदारी मिली थी। और उसके बाद से मीडिया के क्षेत्र में वह नई उंचाइयों को छूते चले गए। इस ससमय मर्डोक ग्लोबल मीडिया कंपनी न्यूज कॉरपोरेशन के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं। न्यूज कॉरपोरेशन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मीडिया कंपनी है। न्यूज कॉरपोरेशन के पास द वॉल स्ट्रीट जर्नल और हार्परकॉलिंस जैसी बड़ी कंपनियां हैं। इसके अलावा मर्डोक Fox News के भी कर्ता-धर्ता हैं।शुरूआती दशक में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की कई मीडिया कंपनियों को खरीदा। इसके बाद उन्होंने यू.के और 1974 में अमेरिका में अपने कारोबार का विस्तार किया। साल 2000 तक मर्डोक 50 देशों में 800 कंपनियों के मालिक बन गए।
5 वीं शादी पर क्या बोले मर्डोक
मर्डोक ने न्यूयॉर्क पोस्ट से कहा कि मुझे पता है कि यह मेरा आखिरी प्यार होगा। लेकिन यह बेहतर होगा और मैं अब खुश हूं। रूपर्ट 66 साल की एन लेस्ली स्मिथ से शादी करेंगे। स्मिथ की भी ये तीसरी शादी होगी। दोनों की शादी गर्मियों में होने की संभावना है। रूपर्ट मर्डोक पिछले साल अपनी चौथी पत्नी से अलग हुए थे। साल 2016 में इन्होंने मॉडल जेरी हॉल से शादी की थी। वह उनकी चौथी पत्नी थी। मर्डोक ने पहली शादी पैट्रिसिया बुक से 1956 में हुई थी। जबकि दूसरी शादी 1967 में अन्ना मारिया टोर्व से हुई। उनकी यही शादी सबसे लम्बी यानी 22 साल तक चली। लेकिन 1999 में तलाक के बाद तीसरी शादी वेंडी देंग से की। इन शादियों से मर्डोक के 10 बच्चे हैं।
