Dollar Vs Rupee: अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतिगत घोषणा के बाद डॉलर में मामूली कमजोरी आने से गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे मजबूत होकर 95.17 के स्तर पर पहुंच गया।
रुपये में तेजी लौटी
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बाजार की उम्मीदों के अनुरूप ब्याज दरों को 3.75 प्रतिशत से 4.00 प्रतिशत के दायरे में अपरिवर्तित रखा है। हालांकि, इस फैसले के बाद डॉलर पर हल्का दबाव देखने को मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.20 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद इसमें सुधार आया और यह 95.17 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से बना है दबाव
कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिका में बॉण्ड प्रतिफल का मजबूत स्तर रुपये पर दबाव बनाए हुए है। हालांकि, करीब 721 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार, हाल में विदेशी पोर्टफोलियो निवेश के प्रवाह में सुधार और भारतीय रिजर्व बैंक की बाजार में मौजूदगी रुपये को सहारा दे रही है। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.04 प्रतिशत के नुकसान के साथ 102.15 पर कारोबार कर रहा था। करेंसी एक्सपर्ट के अनुसार, अगर कच्चे तेल के भाव में नरमी आती है तो रुपये में और मजबूती देखने को मिलेगी। हालांकि, इसकी जल्द संभावना नहीं दिख रही है।
ब्रेंट क्रूड 114 के पार कर रहा ट्रेड
वैश्विक बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 114.13 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 163.03 अंक बढ़कर 73,409.06 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 40.40 अंक की बढ़त के साथ 22,739.25 पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 871.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
