रुपये ने दिखाया दम: डॉलर के सामने लगाई लंबी छलांग, देखें आज का ताजा एक्सचेंज रेट

डॉलर के मुकाबले आज रुपये में रिकवरी दर्ज की गई। ईरान युद्ध खत्म होने की उम्मीद से यह तेजी आई है।

अमेरिका-ईरान तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें और डॉलर सूचकांक में नरमी के बीच रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 25 पैसे मजबूत होकर 95.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, इजराइल और ईरान के बीच तनाव में नरमी के संकेतों, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा संभावित हस्तक्षेप, सकारात्मक घरेलू बाजार और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में कमी ने रुपये को समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.47 पर खुला। कारोबार के दौरान 95.23 के उच्चतम स्तर और 95.67 के न्यूनतम स्तर को छूते हुए अंत में यह 95.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 25 पैसे की बढ़त है।

Dollar Vs Rupee

रुपया बनाम डॉलर

सोमवार को आई थी बड़ी गिरावट

रुपया सोमवार को 43 पैसे कमजोर होकर 95.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि पश्चिम एशिया में अनिश्चितता के कारण रुपये में गिरावट की आशंका है और युद्ध में किसी भी नए तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में फिर से उछाल आ सकता है तथा रुपये पर दबाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हालांकि, अगर तनाव कम होने का सिलसिला जारी रहता है तो रुपये में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। कारोबारियों की नजर एडीपी के साप्ताहिक रोजगार, व्यापार संतुलन और अमेरिका से जारी मौजूदा गृह बिक्री आंकड़ों पर रहेगी। डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर दर 95.10 से 95.80 के बीच रहने की संभावना है।

End of Feed