बिजनेस

Reliance-Disney Hotstar Merger: पूरा हुआ रिलायंस-डिज्नी का मर्जर, नीता अंबानी को मिली ये जिम्मेदारी

रिलायंस इंडिया (Reliance Industries Limited) ने आज डिज्नी हॉटस्टार (Disney Hotstar) के साथ अपना मर्जर पूरा कर लिया है। मर्जर के बाद 70,352 करोड़ का जॉइंट वेंचर सामने आया है। इस नए जॉइंट वेंचर में रिलायंस ने 11,500 करोड़ रुपये इन्वेस्ट किये हैं। नीता अंबानी को इस नए जॉइंट वेंचर में महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है और उदय शंकर वाइस चेयरमैन के रूप में उनका साथ देंगे।

Image

पूरा हुआ रिलायंस-डिज्नी का मर्जर, नीता अंबानी को मिली ये जिम्मेदारी

Photo : Times Now Digital

Reliance-Disney Hotstar: रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी मीडिया परिसंपत्तियों का वैश्विक मीडिया हाउस, वॉल्ट डिज्नी के भारतीय कारोबार के साथ विलय पूरा कर लिया है। इससे 70,352 करोड़ रुपये का नया जॉइंट वेंचर अस्तित्व में आएगा। एक संयुक्त बयान के अनुसार, इस जॉइंट वेंचर में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी वृद्धि के लिए 11,500 करोड़ रुपये (1.4 अरब डॉलर) का निवेश किया है। इसकी चेयरपर्सन नीता अंबानी होंगी। बयान के अनुसार, “इस लेन-देन में जॉइंट वेंचर मूल्य बाहरी निवेश जोड़ने के बाद 70,352 करोड़ रुपये (8.5 अरब डॉलर) आंका गया है।

नीता अंबानी को मिली नई जिम्मेदारी

सौदा पूरा होने के साथ जॉइंट वेंचर का नियंत्रण रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के पास रहेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जॉइंट वेंचर में 16.34 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि इसकी अनुषंगी की अनुषंगी कंपनी वायकॉम 18 के पास 46.82 प्रतिशत और डिज्नी के पास शेष 36.84 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसमें कहा गया, “नीता एम. अंबानी जॉइंट वेंचर की चेयरपर्सन होंगी, जबकि उदय शंकर जॉइंट वेंचर को रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए वाइस चेयरमैन होंगे।”

भारत का सबसे बड़ा

वायकॉम 18 मीडिया और वॉल्ट डिज्नी कंपनी को वायकॉम 18 के मीडिया और जियोसिनेमा कारोबार के स्टार इंडिया में विलय के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI), राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) जैसे प्राधिकरण से आवश्यक मंजूरियां पहले ही मिल चुकी हैं। यह जॉइंट वेंचर भारत की सबसे बड़ी मीडिया और मनोरंजन कंपनियों में से एक होगा, जिसका मार्च, 2024 में समाप्त पिछले वित्त वर्ष (2023-24) के लिए संयुक्त राजस्व लगभग 26,000 करोड़ रुपये (3.1 अरब डॉलर) था।

100 से ज्यादा TV चैनल

जॉइंट वेंचर के तहत 100 से ज़्यादा टीवी चैनल हैं और यह सालाना 30,000 घंटे से ज़्यादा के टीवी मनोरंजन सामग्री तैयार करता है। जियोसिनेमा और हॉटस्टार डिजिटल मंच का कुल ग्राहक आधार पांच करोड़ से ज़्यादा है। जॉइंट वेंचर में क्रिकेट, फुटबॉल और दूसरे खेलों के खेल अधिकारों का पोर्टफोलियो है। इस सौदे पर आरआईएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, “इस जॉइंट वेंचर के गठन के साथ भारतीय मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग एक परिवर्तनकारी युग में प्रवेश कर रहा है।”

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article