RBI MPC meeting : शुरू हुई RBI की मीटिंग, रेपो रेट में कटौती की उम्मीद; फैसले का ऐलान 6 जून को

RBI MPC meeting : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 5 जून से शुरू हो गई है, जिसमें रेपो रेट में 0.25% तक की कटौती की उम्मीद जताई जा रही है। पिछली दो बैठकों में पहले ही 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती हो चुकी है।

RBI MPC meeting : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक बुधवार, 5 जून से शुरू हो गई है। इस तीन दिवसीय बैठक के अंत में 6 जून को आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा मौद्रिक नीति से संबंधित फैसलों की घोषणा करेंगे। बाजार विशेषज्ञों और अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इस बार केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 0.25% (25 बेसिस प्वाइंट) की कटौती कर सकता है, जिससे यह दर 6% से घटकर 5.75% हो सकती है।

आरबीआई की एमपीसी बैठक शुरू

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा

पिछली बैठकों में क्या हुआ था?

इससे पहले हुई दो एमपीसी बैठकों में कुल 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती की गई थी, जिसके बाद रेपो रेट 6% पर आ गई थी। यह कटौती आर्थिक विकास को गति देने और ब्याज दरों का दबाव कम करने के उद्देश्य से की गई थी।

मंदी के संकेत और महंगाई में राहत

  • महंगाई दर फिलहाल आरबीआई के 4% मध्यम अवधि लक्ष्य से नीचे बनी हुई है।
  • अमेरिकी नीतिगत फैसलों और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण भारत की जीडीपी ग्रोथ पर भी असर पड़ा है।
  • अप्रैल 2025 में खुदरा महंगाई दर सिर्फ 3.2% दर्ज की गई थी, जो जुलाई 2019 के बाद सबसे कम है।

वैश्विक और घरेलू अनुमान

एसबीआई की रिपोर्ट का कहना है कि आरबीआई रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट तक की कटौती कर सकता है ताकि अनिश्चितताओं के बीच ग्रोथ को संतुलन मिले। बैंक ऑफ बड़ौदा का आकलन है कि 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती अधिक संभव है। हालांकि, आरबीआई ने अप्रैल में अपना 6.5% का जीडीपी ग्रोथ प्रोजेक्शन बनाए रखा है, लेकिन अन्य संस्थानों ने इसे 6.0% से 6.3% तक घटा दिया है।

तरलता बढ़ाने की दिशा में कदम

बजाज ब्रोकिंग रिसर्च ने कहा कि आरबीआई का रुख अब "न्यूट्रल" से "अकोमोडेटिव" हो गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्रीय बैंक तरलता बढ़ाकर आर्थिक विकास को प्रोत्साहन देना चाहता है।

आईएएनएस इनपुट के साथ

End Article
आशीष कुशवाहाauthor

<p>आशीष कुमार कुशवाहा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर काम कर ...

End of Feed