RBI MPC : दिसंबर में लोन महंगा होना तय! RBI ने खुद दिया संकेत, महंगाई को बताया विलेन

अगले महीने रिजर्व बैंक MPC की बैठक होनी है। इस बैठक में ब्याज दर बढ़ना लगभग तय होता दिख रहा है। खुद रिजर्व बैंक ने भी अपने मंथली बुलेटिन में इसके संकेत देते हुए महंगाई को विलेन बताया है।

RBI November Bulletin : देश में महंगाई का दबाव अब सिर्फ रसोई के बजट तक सीमित नहीं रह गया है। कपड़े, मकान, इलाज, होटल और दूसरी सेवाओं की कीमतों में भी तेजी आने लगी है। महंगाई का यह बढ़ता दायरा अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के लिए भी चिंता का कारण बन रहा है। ऐसे में दिसंबर में होने वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में रेपो रेट बढ़ना लगभग तय हो गया है। अगर ऐसा हुआ तो होम लोन, कार लोन और दूसरे फ्लोटिंग रेट वाले कर्ज की EMI पर दबाव बढ़ सकता है।

rbi mpc  repo rate

दिसंबर में ब्याज दर बढ़ना लगभग तय

RBI के नवंबर बुलेटिन में प्रकाशित 'स्टेट ऑफ द इकोनॉमी' रिपोर्ट ने महंगाई को लेकर कई अहम संकेत दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में 4% और 6% से अधिक महंगाई वाले सामान और सेवाओं की हिस्सेदारी बढ़ी है। इसका मतलब है कि महंगाई का दबाव अब कुछ चुनिंदा वस्तुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में फैल रहा है।

दो साल में पहली बार 6% के पार महंगाई

अक्टूबर में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54% थी। करीब दो साल में पहली बार खुदरा महंगाई RBI की 6% की ऊपरी सहनशीलता सीमा के पार निकली है। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) की 12 में से 11 श्रेणियों में सितंबर के मुकाबले महंगाई बढ़ी। RBI के मुताबिक, महंगाई का दबाव अब खाने-पीने की चीजों और ईंधन से आगे बढ़ रहा है। खाद्य और ईंधन को छोड़कर मापी जाने वाली कोर महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 4.5% हो गई, जो सितंबर में 4.3% थी। सबसे अहम बात यह है कि सोना और चांदी जैसी कीमती धातुओं को हटाने के बाद कोर महंगाई 60 बेसिस पॉइंट बढ़कर 3.8% पर पहुंच गई। इससे संकेत मिलता है कि कीमती धातुओं की कीमतों के अलावा भी अर्थव्यवस्था में महंगाई का दबाव बढ़ रहा है।

कपड़े, मकान और इलाज भी महंगाई की चपेट में

RBI की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में रेस्तरां और होटल सेवाओं, कपड़ों और जूतों, आवास तथा स्वास्थ्य सेवाओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। यानी महंगाई का असर अब आम आदमी के रोजमर्रा के खर्चों पर भी व्यापक होता जा रहा है। इसका असर देश के अलग-अलग राज्यों में भी दिखाई दिया। अक्टूबर में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 29 में महंगाई बढ़ी। इनमें 11 राज्यों में महंगाई दर 6% से 8% के बीच रही। ग्रामीण इलाकों में महंगाई 6.6% और शहरी क्षेत्रों में 5.4% तक पहुंच गई। दोनों क्षेत्रों में खाद्य एवं पेय पदार्थों की महंगाई 6% से ऊपर बनी रही।

नवंबर में भी महंगाई से राहत के संकेत नहीं

RBI के मुताबिक, नवंबर में उपलब्ध 19 तारीख तक के आंकड़े भी कीमतों के दबाव की ओर इशारा कर रहे हैं। प्रमुख अनाज और दालों की कीमतों में तेजी आई है। खाद्य तेलों के दाम भी बढ़े हैं, जिनमें सरसों का तेल प्रमुख है। थोक महंगाई के आंकड़े भी चिंता बढ़ा रहे हैं। अक्टूबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 12.3% हो गई, जो सितंबर में 11.4% थी। ईंधन और बिजली क्षेत्र की महंगाई 32.8% तक पहुंच गई। औद्योगिक इनपुट लागत की महंगाई 19.6% और कृषि इनपुट लागत की महंगाई 15.5% रही। हालांकि, विनिर्मित उत्पादों की महंगाई में मामूली नरमी जरूर आई है, लेकिन कुल मिलाकर लागत का दबाव बना हुआ है।

दिसंबर में RBI के सामने क्या होंगे विकल्प?

महंगाई के इन आंकड़ों के बीच दिसंबर की RBI MPC बैठक पर बाजार और कर्ज लेने वालों की नजर रहेगी। RBI ने अक्टूबर की बैठक में रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.50% कर दिया था। साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपने नीतिगत रुख को बदलकर 'कैलिब्रेटेड टाइटनिंग' यानी चरणबद्ध तरीके से मौद्रिक सख्ती की ओर कर दिया था। इस रुख का संकेत है कि आगे ब्याज दर बढ़ाने या उन्हें स्थिर रखने का फैसला महंगाई और आर्थिक विकास की स्थिति को देखकर किया जाएगा। यानी दिसंबर में रेपो रेट बढ़ने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता, हालांकि RBI ने अभी किसी बढ़ोतरी का ऐलान नहीं किया है। दूसरी तरफ, देश में आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थानों के कर्ज में अच्छी वृद्धि हो रही है। कंपनियों की कमाई और निर्यात में भी मजबूती बनी हुई है। ऐसे में मांग मजबूत रहने के साथ महंगाई बढ़ना RBI के लिए नीतिगत चुनौती बन सकता है।

End Article
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अध...

End of Feed