पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) को आमतौर पर एक सुरक्षित, टैक्स-फ्री और लंबी अवधि के निवेश विकल्प के रूप में देखा जाता है। सरकारी गारंटी और बेहतर रिटर्न के कारण लोग इसमें सालों-साल पैसे जमा करते हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि संकट या आपातकाल के समय PPF खाता आपको सस्ते लोन की सुविधा भी देता है। अगर आपको अचानक पैसों की जरुरत पड़ जाए, तो अपनी एफडी (FD) तोड़ने या महंगा पर्सनल लोन लेने के बजाय आप अपने पीपीएफ बैलेंस पर बेहद कम ब्याज दर पर लोन ले सकते हैं।
आप कब ले सकते हैं अपने PPF अकाउंट से लोन?
PPF खाते से लोन कब और किस अवधि में मिल सकता है?
पीपीएफ खाते से लोन लेने के लिए (PPF Account loan facility) सरकार ने एक निश्चित समय सीमा तय की है। आप खाता खोलने के तुरंत बाद लोन नहीं ले सकते। नियम के अनुसार, लोन की सुविधा खाता खोलने वाले वित्तीय वर्ष की समाप्ति के बाद तीसरे वित्तीय वर्ष से लेकर 6ठे वित्तीय वर्ष की शुरुआत तक ही उपलब्ध होती है। इसे एक आसान उदाहरण से समझें। अगर आपने साल 2023-24 में अपना पीपीएफ खाता खोला है, तो आप वित्तीय वर्ष 2025-26 से इस पर लोन लेने के हकदार हो जाते हैं। छठे वित्तीय वर्ष के बाद लोन की यह सुविधा बंद हो जाती है, क्योंकि इसके बाद खाताधारक विशिष्ट शर्तों के तहत अपने खाते से आंशिक निकासी करने के पात्र हो जाते हैं।
आप PPF बैलेंस से कितना लोन ले सकते हैं?
लोन के रूप में आपको कितनी रकम मिलेगी, यह पूरी तरह से आपके PPF खाते में जमा राशि पर निर्भर करता है। नियम के मुताबिक, आप जिस वर्ष लोन के लिए आवेदन कर रहे हैं, उससे ठीक पिछले वित्तीय वर्ष के अंत में (31 मार्च को) आपके खाते में मौजूद कुल बैलेंस का अधिकतम 25 प्रतिशत तक ही लोन के रूप में निकाल सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप वित्तीय वर्ष 2026-27 में लोन के लिए अप्लाई करते हैं, तो 31 मार्च 2025 को आपके PPF अकाउंट में जो भी बैलेंस था, उसका केवल 25% हिस्सा ही आपको लोन के तौर पर मिल सकेगा। इसलिए कोई भी वित्तीय योजना बनाने से पहले अपने पिछले साल के क्लोजिंग बैलेंस की गणना जरूर कर लें।
लोन चुकाने के नियम और ब्याज दर क्या हैं?
पीपीएफ लोन को चुकाना बेहद आसान है, लेकिन इसके लिए कुछ खास नियमों का पालन करना होता है:-
- पुनर्भुगतान की अवधि:- लोन लेने के बाद आपको इसे अधिकतम 36 महीनों (3 साल) के भीतर चुकाना होता है।
- चुकाने का तरीका: सबसे पहले आपको लोन की मूल राशि चुकानी होगी। इसे आप मासिक किश्तों में या एकमुश्त जमा कर सकते हैं। मूलधन पूरी तरह चुकाने के बाद ही आपको इस पर लगने वाले ब्याज का भुगतान करना होता है। ब्याज को अधिकतम दो मासिक किस्तों में चुकाया जा सकता है।
- ब्याज दर का गणित:- PPF पर मिलने वाले लोन की ब्याज दर बेहद कम होती है। यह आपके पीपीएफ खाते पर मिलने वाले मौजूदा ब्याज से केवल 1% अधिक होती है। उदाहरण के लिए, अगर आपके पीपीएफ पर 7.1% ब्याज मिल रहा है, तो लोन पर आपको केवल 8.1% ब्याज देना होगा।
- पेनाल्टी (जुर्माना): - अगर आप 36 महीनों के भीतर लोन नहीं चुका पाते हैं, तो ब्याज की दर 1% से बढ़कर सीधे 6% (पीपीएफ दर से 6% अधिक) हो जाती है।
लोन के लिए आवेदन कैसे करें और जरूरी बातें
डिजिटलीकरण के इस दौर में अब अधिकांश बैंक और डाकघर पीपीएफ लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा देते हैं। आप अपने इंटरनेट बैंकिंग पोर्टल पर जाकर या नजदीकी शाखा में फॉर्म भरकर आसानी से इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं।
लोन लेने से पहले ध्यान रखने योग्य बातें
PPF पर लोन लेना काफी आसान और सस्ता है, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसका इस्तेमाल केवल बेहद जरूरी या इमरजेंसी की परिस्थितियों में ही करना चाहिए। चूंकि यह लोन आपकी जीवनभर की बचत (रिटायरमेंट फंड) के बदले मिलता है, इसलिए बार-बार लोन लेने से आपके लॉन्ग टर्म वित्तीय लक्ष्यों और मिलने वाले चक्रवृद्धि ब्याज पर बुरा असर पड़ सकता है। अगर आपकी जरुरत अस्थायी है और आपके पास इसे समय पर चुकाने का जरिया है, तभी इस विकल्प का चयन करें।
