PNB Interest Rates: सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने होम और ऑटो लोन समेत रिटेल लोन पर ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती की है। पीएनबी ने एक बयान में कहा, नई दरें होम लोन, कार लोन, शिक्षा और पर्सनल लोन समेत विभिन्न प्रकार के प्रोडक्स्ट पर लागू होंगी जिससे यह सुनिश्चित होगा कि ग्राहकों को कई तरह के फाइनेंसिंग विकल्प मिलते रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पांच वर्षों बाद बीती सात फरवरी को रेपो दर (वह दर जिस पर बैंक केंद्रीय बैंक से उधार लेते हैं) को 0.25 प्रतिशत घटाकर 6.25 प्रतिशत कर दिया था।
PNB ने सस्ता किया लोन
ये भी पढ़ें -
होम लोन की शुरुआती ब्याज दर कितनी
आरबीआई द्वारा ब्याज दरों में कटौती के बाद, पीएनबी ने विभिन्न योजनाओं के तहत होम लोन की दर को संशोधित कर 8.15 प्रतिशत कर दिया है।
इसमें कहा गया,‘‘ग्राहक 31 मार्च 2025 तक अपफ्रंट प्रोसेसिंग फीस और डॉक्यूमेंटेशन फीस पर पूरी छूट का लाभ उठा सकते हैं। इसकी होम लोन योजना में ब्याज दर 8.15 प्रतिशत प्रति वर्ष से शुरू होती है और मासिक किस्त 744 रुपये प्रति लाख है।’’
ऑटो लोन पर क्या है ऑफ
मोटर वाहन लोन के मामले में इसमें कहा गया कि नई तथा पुरानी दोनों कारों की फाइनेंसिंग के लिए ब्याज दर 8.50 प्रतिशत प्रति वर्ष से शुरू होती है और मासिक किस्त 1,240 रुपये प्रति लाख जितनी कम है।
पीएनबी 8.50 प्रतिशत प्रति वर्ष से शुरू होने वाली ब्याज दर में 0.05 प्रतिशत की रियायत और 1,240 रुपये प्रति लाख की शुरुआती मासिक किस्त की पेशकश कर रहा है।
ग्राहक 120 महीने तक की लंबी रिपेमेंट अवधि का लाभ उठा सकते हैं और एक्स-शोरूम कीमत का 100 प्रतिशत फाइनेंसिंग का आनंद ले सकते हैं।
एजुकेशन लोन की जानकारी भी लीजिए
एजुकेशन लोन के मामले में न्यूनतम कार्ड दर घटाकर 7.85 प्रतिशत प्रति वर्ष कर दी गई है।
ग्राहक निर्बाध डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से 20 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत ऋण प्राप्त कर सकते हैं, जिससे शाखा में जाने या कागजी कार्रवाई की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। संशोधित दर 11.25 प्रतिशत से शुरू होती है।
कब से लागू होंगी नई दरें
पीएनबी ने कहा कि नई दरें 10 फरवरी से प्रभावी हैं। इस महीने की शुरुआत में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने आरबीआई की नीतिगत दर कटौती के अनुरूप आवास सहित खुदरा ऋणों पर ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की थी। (इनपुट - भाषा)
