अगर आपने नौकरी छोड़ दी है या लंबे समय से किसी दूसरी कंपनी में काम नहीं कर रहे हैं और आपके कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाते में कोई नया पैसा जमा नहीं हुआ है तो ये जानकारी आपके लिए ही है। अक्सर कर्मचारियों को लगता है कि PF खाते में तीन साल तक कोई योगदान नहीं होने पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है। लेकिन ऐसा हर मामले में नहीं होता। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के नियमों के मुताबिक, खाते में ब्याज मिलने की अवधि कर्मचारी की उम्र और परिस्थितियों पर निर्भर करती है।
पीएफ अकाउंट 3 साल से बंद है तो क्या होगा (AI Generated Image)
कब निष्क्रिय माना जाता है EPF अकाउंट?
EPF खाते में तीन साल तक योगदान नहीं आने का मतलब यह नहीं है कि खाता अपने आप निष्क्रिय हो जाएगा। इसके लिए कुछ खास परिस्थितियां निर्धारित हैं। नियमों के अनुसार-
55 साल के बाद रिटायरमेंट: अगर कोई कर्मचारी 55 साल की उम्र पूरी करने के बाद रिटायर हो जाता है और अगले 36 महीने तक अपने PF का पैसा क्लेम नहीं करता, तो उसका खाता निष्क्रिय हो सकता है।
विदेश में स्थायी रूप से बसना:अगर कोई सदस्य स्थायी रूप से विदेश में बस जाता है और निर्धारित अवधि में PF का पैसा नहीं निकालता, तो खाता निष्क्रिय हो सकता है।
खाताधारक की मृत्यु: सदस्य की मृत्यु के बाद अगर नॉमिनी या कानूनी वारिस 36 महीने तक PF की रकम क्लेम नहीं करते, तो खाता निष्क्रिय हो सकता है।
पेमेंट फेल होना: बैंक की गलत जानकारी या पुरानी बैंक डिटेल्स के कारण PF का भुगतान वापस आ जाता है और 36 महीने तक क्लेम नहीं होता, तो भी खाता निष्क्रिय हो सकता है।
किस उम्र तक मिलता रह सकता है ब्याज
EPFO के मुताबिक, अगर कोई कर्मचारी 55 साल की उम्र से पहले नौकरी छोड़ देता है तो उसके PF खाते में जमा रकम पर 58 साल की उम्र तक ब्याज मिल सकता है। यानी नौकरी छोड़ने या PF में नया योगदान बंद होने के तीन साल बाद ही ब्याज मिलना बंद नहीं होता। हालांकि, जब खाता आधिकारिक तौर पर निष्क्रिय घोषित हो जाता है, तो उस पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि निष्क्रिय खाते में जमा आपकी रकम खत्म नहीं होती और न ही जब्त होती है। आप जरूरी वेरिफिकेशन और आवेदन प्रक्रिया पूरी करके अपना पैसा निकाल सकते हैं।
कैसे निकालें या ट्रांसफर करें PF का पैसा?
अगर आपका पुराना PF खाता है और आप उसमें जमा रकम निकालना चाहते हैं, तो इसके लिए EPFO के Member e-Sewa पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं। अंतिम सेटलमेंट के लिए पात्र सदस्य EPFO पोर्टल पर ऑनलाइन Form 19 जमा कर सकते हैं। वहीं, अगर आपने दूसरी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी है और वहां भी PF कटता है, तो पुराने खाते की रकम नए खाते में ट्रांसफर करने के लिए Form 13 भरें। इसके अलावा, खाताधारक की मृत्यु होने पर नॉमिनी या कानूनी वारिस निर्धारित नियमों के अनुसार Form 20 के जरिए रकम क्लेम कर सकते हैं।
