Paytm Share Price Today: पिछले दो कारोबारी सेशन में भारी नुकसान से थोड़ा उबरने के बाद गुरुवार यानी आज एक बार फिर से वन97 कम्युनिकेशंस यानी पेटीएम के शेयरों में जोरदार झटका लगा है। पेटीएम के शेयर आज शुरुआती कोराबार में ही 9 फीसदी टूट गए। हालांकि, पेटीएम का स्टॉक आज अपने पिछले क्लोजिंग 496.25 रुपये के मुकाबले थोड़ी तेजी के साथ 525 रुपये पर ओपन हुआ। हालांकि, स्टॉक इस तेजी को बरकरार नहीं रख सका और शुरुआती कारोबार में तेजी से 9 फीसदी गिरकर 450 रुपये प्रति शेयर पर आ गया।
पेटीएम के शेयर में गिरावट
रिकवरी के बाद तेज गिरावट
रिजर्व बैंक के एक्शन के बाद लगातार पेटीएम के शेयरों में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि, बीते दिनों में इस फिनटेक कंपनी के शेयर में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली, लेकिन आज यह स्टॉक अपनी रफ्तार को बरकरार नहीं रख सका। बुधवार को पेटीएम के शेयरों में 10 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी।
क्या है पेटीएम पेमेंट्स बैंक का संकट क्या?
आरबीआई ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को किसी भी ग्राहक खाते, प्रीपेड साधन, वॉलेट एवं फास्टैग में 29 फरवरी, 2024 के बाद जमा या टॉप-अप स्वीकार नहीं करने का निर्देश दिया है। आरबीआई ने इसके पहले 11 मार्च, 2022 को पीपीबीएल को तत्काल प्रभाव से नए ग्राहकों को जोड़ने से रोक दिया था।
पेटीएम वॉलेट के ग्राहक तबतक इसका उपयोग कर सकते हैं, जबतक कि उनकी शेष राशि खत्म न हो जाए। वे 29 फरवरी के बाद इसमें राशि नहीं जोड़ सकेंगे। यदि आरबीआई नरम नहीं पड़ा, तो पेटीएम वॉलेट के लिए टॉप-अप बंद हो जाएगा और इसके माध्यम से लेनदेन नहीं किया जा सकेगा।
वन97 कम्युनिकेशंस के पास पीपीबीएल में 49 प्रतिशत (प्रत्यक्ष और इसकी अनुषंगी कंपनी के माध्यम से) हिस्सेदारी है। कंपनी के संस्थापक विजय शेखर शर्मा की बैंक में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
