डिजिटल पेमेंट और फाइनेंशियल प्लेटफॉर्म Paytm की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 79 प्रतिशत बढ़कर 220 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी ने 203 करोड़ रुपये की अब तक की सर्वाधिक कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) दर्ज की। हालांकि, इसके बावजूद आज शेयर लुढ़क गया है। पेटीएम का शेयर 11 बजे तक 1.64% टूटकर 1,325.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
पेटीएम
आज BSE पर पेटीएम (Paytm) का शेयर ₹1,348 के पिछले बंद भाव से गिरावट के साथ ₹1,339.80 पर खुला, लेकिन जल्द ही 2.58 प्रतिशत बढ़कर ₹1,382.90 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद शेयर में तेजी टिक नहीं सकी और इसमें गिरावट आ गई। देखते ही देखते यह ₹1,311.65 के दिन के निचले स्तर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 2.70% और दिन के उच्चतम स्तर से 5 प्रतिशत की गिरावट है। हालांकि, बाद में रिवकरी लौटी।
बोनस शेयर टालने का फैसला
इसके साथ ही कंपनी के निदेशक मंडल ने फिलहाल बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से निवेशकों में निराशा हुई और बिकवाली देखने को मिली। पेटीएम ने सोमवार को शेयर बाजार को बताया कि कंपनी के बोर्ड ने काफी सोच-विचार के बाद फैसला लिया है कि फिलहाल बोनस शेयर नहीं दिए जाएंगे। बोर्ड का मानना है कि इस समय कंपनी को अपने बिजनेस को बढ़ाने और मुनाफा मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि शेयरधारकों को लंबे समय में ज्यादा फायदा मिल सके।
सालाना आधार पर रेवन्यू में 28% की वृद्धि
कंपनी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 2,448 करोड़ रुपये हो गया। वहीं कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 182 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 203 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस दौरान ईबीआईटीडीए मार्जिन बढ़कर आठ प्रतिशत हो गया। कंपनी का शुद्ध लाभ 79 प्रतिशत बढ़कर 220 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने इसका श्रेय व्यापारियों और उपभोक्ता कारोबार में तेज वृद्धि, ईबीआईटीडीए मार्जिन में विस्तार तथा कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित परिचालन दक्षता को दिया है।
UPI करोबार में भी कंपनी की हिस्सेदारी बढ़ी
वहीं पेटीएम का उपभोक्ता यूपीआई कारोबार लगातार पांचवीं तिमाही में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में सफल रहा। उपभोक्ता यूपीआई सकल लेनदेन मूल्य (जीटीवी) 45 प्रतिशत बढ़कर 5.9 लाख करोड़ रुपये हो गया जो उद्योग की वृद्धि दर का 2.2 गुना है। मासिक लेनदेन करने वाले उपयोगकर्ताओं की संख्या भी 60 लाख बढ़कर आठ करोड़ हो गई।
कंपनी का नकद शेष जून, 2026 के अंत तक बढ़कर 13,529 करोड़ रुपये हो गया जिससे कारोबार के विस्तार के लिए पर्याप्त वित्तीय मजबूती उपलब्ध है।
Paytm Guidance: आगे का आउटलुक मजबूत
बयान के अनुसार, राजस्व वृद्धि, ईबीआईटीडीए मार्जिन में विस्तार, बड़े संभावित बाजार और एआई आधारित परिचालन दक्षता में तेजी से दीर्घकालिक टिकाऊ लाभ वृद्धि की पर्याप्त संभावना है। इस बीच, वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के निदेशक मंडल ने फिलहाल बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि वह शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजन के उद्देश्य से वृद्धि और लाभप्रदता को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। यह फैसला 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणामों के साथ लिया गया।
