बिजनेस

SBI Funds Management : 574 का शेयर 613 पर लिस्ट, ब्रोकरेज ने बताया और कितना मुनाफा देगा?

इस साल का सबसे बड़ा इश्यू SBI Funds Management IPO लिस्ट हो गया है। 574 रुपये का शेयर 613 रुपये लिस्ट हुआ और शुरुआती कारोबार में 8 फीसदी उछाल के साथ 624 रुपये तक पहुंच गया।

Image

ब्रोकरेज को शेयर में तेजी की उम्मीद

SBI Funds Management Listing: देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल SBI Funds Management ने शेयर बाजार में अच्छी शुरुआत तो की, लेकिन निवेशकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतर सकी। कंपनी का शेयर मंगलवार को NSE पर 613.30 रुपये पर लिस्ट हुआ, जो IPO प्राइस 574 रुपये से करीब 6.85% प्रीमियम है। वहीं, BSE पर 610 रुपये पर लिस्ट होकर करीब 6.27% का लिस्टिंग गेन दिया। हालांकि, SBI Funds Management Share Price करीब 8 फीसदी तेजी के साथ 624 रुपये तक पहुंचा। लेकिन, ग्रे मार्केट में शेयर के करीब 16% प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद जताई जा रही थी। ऐसे में लिस्टिंग उम्मीद के मुताबिक काफी कमजोर रही है।

करीब 9,813 करोड़ रुपये का था IPO

SBI Funds Management का 9,812.91 करोड़ रुपये का IPO 14 से 16 जुलाई के बीच खुला था। इश्यू का प्राइस बैंड 545 से 574 रुपये प्रति शेयर रखा गया था। निवेशकों का जबरदस्त भरोसा देखने को मिला और यह इश्यू 41.66 गुना सब्सक्राइब हुआ। लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैप करीब 1.24 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। IPO खुलने से पहले ही कंपनी ने एंकर निवेशकों से 2,663 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। इससे इश्यू को मजबूत संस्थागत समर्थन मिला था।

देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी

साल 1987 में स्थापित SBI Funds Management, तिमाही औसत एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (QAAUM) के आधार पर भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी के पास 12.51 लाख करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट था और इसकी 15.3% बाजार हिस्सेदारी रही।

कैसा है वैल्यूएशन

भले ही लिस्टिंग कमजोर रही है। लेकिन, ब्रोकरेज और एनालिस्ट मान रहे हैं कि लॉन्ग टर्म में SBI Funds Management की कहानी मजबूत बनी हुई है। क्योंकि यह

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल है। SBI ब्रांड का मजबूत भरोसा और बड़ा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क इसे आगे की ग्रोथ के लिए तैयार करता है। इसके साथ ही एसेट-लाइट और स्केलेबल बिजनेस मॉडल इसे अपने प्रतिस्पर्धियों की तुलना में आकर्षक वैल्यूएशन दे रहा है।

Buy, Sell या Hold?

SBI Funds Management की लिस्टिंग ने IPO निवेशकों को पहले ही दिन मुनाफा दिया है। भले ही यह मुनाफा ग्रे मार्केट की उम्मीदों से कम रहा है। लेकिन, ब्रोकरेज फर्म Emkay ने इसका 'बाय' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है, जो शेयर में आगे ग्रोथ का संकेत देता है। इसके साथ ही ब्रोकरेज ने SBI Funds Management Share Price Target 750 रुपये दिया है। भारत में तेजी से बढ़ते म्यूचुअल फंड उद्योग और कंपनी की मजबूत बाजार स्थिति को देखते हुए ब्रोकरेज ने इस शेयर को लंबी अवधि के निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प माना है।

डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article