Pakistan Copper Gold Discovery: गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। देश की प्रमुख खनन कंपनी 'नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड' (NRL) ने घोषणा की है कि उसे बलूचिस्तान प्रांत के चागई (Chagai) जिले में 8 अलग-अलग स्थानों पर तांबे और सोने के विशाल भंडार मिले हैं। कंपनी ने यह महत्वपूर्ण खोज करीब 25,000 मीटर तक की गई गहन खुदाई (ड्रिलिंग) के बाद की है, जिसके शुरुआती नतीजे बेहद उत्साहजनक रहे हैं। इस खोज के बाद कंपनी अब इस क्षेत्र में मौजूद खनिज संसाधनों का पहला आधिकारिक आकलन करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
पाकिस्तान की लगी लॉटरी! बलूचिस्तान की जमीन ने उगला सोना और तांबा! (तस्वीर-AI)
ड्रिलिंग में मिले तांबे और सोने के पुख्ता संकेत
dawn.com के मुताबिक 'पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026' को संबोधित करते हुए नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड के चेयरमैन मुहम्मद अली तब्बा ने इस खोज से जुड़ी अहम जानकारियां शेयर कीं। उन्होंने बताया कि ड्रिलिंग के दौरान एक गड्ढे (ड्रिल होल) में 295 मीटर लंबा खनिज भंडार मिला है, जिसमें 0.43 प्रतिशत तांबा और प्रति टन 0.13 ग्राम सोना मौजूद है। इसी हिस्से के भीतर 132 मीटर का एक ऐसा क्षेत्र भी मिला है, जहां तांबे की मात्रा और भी अधिक यानी 0.83 प्रतिशत दर्ज की गई है। ये नई खोजें दरिगवान (Darigwan) इलाके के 5.6 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई हैं, जो कंपनी की पिछली खोज 'तांग कौर' तांबा-सोना साइट के बिल्कुल करीब है।
2027 से शुरू होंगे बड़े अध्ययन, 10 करोड़ डॉलर का निवेश
dawn.com की रिपोर्ट मुताबिक कंपनी की भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए तब्बा ने कहा कि एक्सप्लोरेशन लाइसेंस 'EL214' के तहत आगे की खुदाई जारी रहेगी, जिससे इन भंडारों के वास्तविक आकार का पता चल सकेगा। एनआरएल की योजना साल 2027 में इस क्षेत्र में पर्यावरणीय, भू-जल विज्ञान (हाइड्रोजियोलॉजिकल), धातुकर्म और भू-तकनीकी अध्ययन शुरू करने की है। कंपनी का लक्ष्य इस दशक के अंत तक एक 'बैंकेबल फिजिबिलिटी स्टडी' (व्यावहारिकता अध्ययन) पूरा करना है, ताकि व्यावसायिक खनन शुरू किया जा सके। इसके साथ ही, तब्बा ने पाकिस्तान में खनिज खोज के लिए 10 करोड़ डॉलर (100 मिलियन डॉलर) के निवेश की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया और देश-विदेश के निवेशकों को इस क्षेत्र में उभरते अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
तीन बड़ी कंपनियों का ज्वाइंट वेंचर और एआई (AI) का इस्तेमाल
नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड दरअसल पाकिस्तान की तीन दिग्गज कंपनियों फातिमा फर्टिलाइजर्स, लिबर्टी मिल्स और लकी सीमेंट लिमिटेड का एक संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) है। वर्तमान में कंपनी के पास बलूचिस्तान में 5 एक्सप्लोरेशन लाइसेंस हैं, जिनमें दो तांबा-सोना परियोजनाएं, एक सीसा-जस्ता (लेड-जिंक) और दो एंटीमनी परियोजनाएं शामिल हैं। खनन कार्य को आधुनिक और तेज बनाने के लिए कंपनी ने लाहौर यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (LUMS) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत ड्रिलिंग से मिले डेटा का उपयोग करके एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल तैयार किया जा रहा है, जो खनिजों की खोज की प्रक्रिया को और अधिक सटीक और तेज बनाएगा।
स्थानीय लोगों के विकास और रोजगार पर जोर
चेयरमैन मुहम्मद अली तब्बा ने स्पष्ट किया कि कंपनी का उद्देश्य केवल खनिज निकालना नहीं, बल्कि एक विश्वस्तरीय खनन मंच तैयार करना है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना में करीब पूरा तकनीकी कार्यबल स्थानीय है। बलूच भूवैज्ञानिक अंतरराष्ट्रीय सलाहकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञता बढ़ रही है। इसके अलावा, कंपनी ने नवगठित 'चागई फाउंडेशन' के जरिये क्षेत्र में शिक्षा और सामुदायिक विकास का काम भी शुरू किया है। तब्बा ने उद्योगपतियों से 'सक्षम बलूचिस्तान' के विजन में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि बलूचिस्तान की खनिज संपदा से पैदा होने वाले अवसरों में वहां के स्थानीय लोगों की हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
