Ola Electric Share Price: भाविश अग्रवाल की इलेक्ट्रिक दोपहिया (2W) बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक का शेयर सोमवार 10 मार्च को 4% गिर गया। छापेमारी, वाहन जब्ती और शोरूम बंद होने की खबरों के बाद ओला के शेयरों में बिकवाली दिख रही है। कंपनी का शेयर लिस्टिंग के बाद से 157.53 रु तक ऊपर चढ़ा है, जबकि इस समय ये 55 रु के भी नीचे आ गया है। करीब पौने 2 बजे BSE पर ओला का शेयर 2.19 रु या 3.87 फीसदी की कमजोरी के साथ 54.35 रु पर आ गया है।
ये भी पढ़ें -
बड़े संकट में फंस गयी ओला
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार ओला इलेक्ट्रिक इस समय रेगुलेटरी संकट में है और भारत के मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने के लिए सरकार से इसे वॉर्निंग लेटर मिल रहे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि ग्राहकों की शिकायतों के आधार पर, भारतीय राज्यों के परिवहन अधिकारियों ने भाविश अग्रवाल के नेतृत्व वाली फर्म पर छापे मारे हैं, शोरूम बंद किए हैं, वाहन जब्त किए हैं और कारण बताओ नोटिस भेजे हैं।
ओला के पास ट्रेड सर्टिफिकेट्स की कमी
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार लगभग 3,400 शोरूम जिनके लिए डेटा उपलब्ध है, उनमें से केवल 100 से ज़्यादा लोकेशंस पर भारत के मोटर वाहन अधिनियम के तहत जरूरी ट्रेड सर्टिफिकेट्स मौजूद थे।
इसका मतलब है कि 95% से जगहों पर बिना रजिस्टर हुए दोपहिया वाहनों को डिस्प्ले करने, बेचने, टेस्ट राइड की पेशकश करने या ट्रांसपोर्ट करने के लिए जरूरी सर्टिफिकेशन नहीं पाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं करता है।
6 अधिकारी कर रहे जांच
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कम से कम छह स्थानीय परिवहन अधिकारी इन कथित उल्लंघनों के लिए ओला की जांच कर रहे हैं। हालांकि, ओला के प्रवक्ता के अनुसार ये रिपोर्ट “गलत” और “पूर्वाग्रही” हैं।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर के रिटर्न की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
