बिजनेस

NTPC ग्रीन एनर्जी और अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज लाएंगी IPO, सेबी से मिली हरी झंडी

NTPC Green Energy, Avanse Financial Services IPO: आईपीओ के जरिये एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी 10,000 करोड़ रुपये और अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज 3,500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही हैं। इस बारे में दोनों कंपनियों को 22-23 अक्टूबर के दौरान सेबी का निष्कर्ष मिला।

Image

NTPC Green Energy IPO (Image Source: iStockphoto)

NTPC Green Energy, Avanse Financial Services IPO: एनटीपीसी की नवीकरणीय ऊर्जा इकाई एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी और शिक्षा केंद्रित एनबीएफसी अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने के लिए सेबी की मंजूरी मिल गई है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने सोमवार को एक ‘अपडेट’ में यह जानकारी दी।

आईपीओ से कितना पैसा जुटाएंगी दोनों कंपनियां

आईपीओ के जरिये एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी 10,000 करोड़ रुपये और अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज 3,500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही हैं। इस बारे में दोनों कंपनियों को 22-23 अक्टूबर के दौरान सेबी का निष्कर्ष मिला। सेबी की भाषा में निष्कर्ष मिलने का मतलब आईपीओ लाने के लिए हरी झंडी मिलना है।

कर्ज और कॉरपोरेट के लिए होगा राशि का इस्तेमाल

दोनों कंपनियों ने जुलाई और सितंबर के बीच सेबी के पास अपने आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे। दस्तावेजों के अनुसार, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी का आईपीओ पूरी तरह से नए शेयरों निर्गम है। कंपनी आईपीओ से मिली राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज के आईपीओ में 1,000 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 2,500 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

निजी इक्विटी प्रमुख वारबर्ग पिंकस की सहयोगी कंपनी ऑलिव वाइन इन्वेस्टमेंट लिमिटेड द्वारा प्रवर्तित कंपनी ने भविष्य की जरूरतों के लिए अपने कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए राशि का उपयोग करने का प्रस्ताव किया है।

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article