Cheque Clearance Rule 2025: अगर आपका भी कोई चेक बैंक में लगा है और क्लियर होने में टाइम लग रहा है तो ये खबर आपके लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है। दरअसल, अब आपके चेक कई दिन नहीं बल्कि घंटों में ही क्लियर हो जाएंगे। अभी तक अगर आपने कोई चेक बैंक में लगाया है तो अकाउंट में पैसा आने में 2 दिन तक लग जाते हैं लेकिन RBI ने अब इस चेक क्लीयरिंग सिस्टम को आसान बना दिया है और कल यानी 4 अक्टूबर से आपका चेक 2 दिन की बजाए कुछ ही घंटो में क्लियर हो जाएगा।
कैसे काम करेगा ये नया सिस्टम?
RBI के मुताबिक, चेक ट्रंकेशन सिस्टम यानी CTS को अब और फास्ट बनाया जाएगा। इससे अगर आप कोई कोई भी चेक बैंक में जमा करेंगे तो उसकी स्कैन कॉपी तुरंत क्लियरिंग हाउस और फिर पेमेंट करने वाले बैंक को भेज दी जाएगी। वहां से बैंक को तय समय में चेक को एक्सेप्ट या रिजेक्ट करना होगा। इस सिस्टम से क्लियरिंग का टाइम 2 दिन से घटकर कुछ घंटे का रह जाएगा और पैसा आपके अकाउंट में झट से पहुंच जाएगा।
कब और कैसे शुरू होगा ये सिस्टम
चेक क्लीयरिंग सिस्टम 2 चरणों में लागू होगा। पहला चरण 4 अक्टूबर 2025 से 3 जनवरी 2026 तक लागू होगा। बैंक में चेक जमा करने के बाद शाम 7 बजे तक संबंधित बैंक को मंजूरी देनी होगी। अगर बैंक इस समय तक कोई जवाब नहीं देता है तो अपने आप पास हो जाएगा।
वहीं दूसरा चरण 3 जनवरी 2026 से लागू होगा। इसमें इस सिस्टम को और भी आसान बनाया जाएगा इसमें आपका चेक आने के बाद सिर्फ 3 घंटे में ही क्लियर हो जायेगा। मान लीजिए अगर आपने सुबह 10 बजे चेक जमा किया, तो दोपहर 1 से 2 बजे तक वो पास हो जाएगा। बैंक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार चेक प्रेजेंटेशन सेशन चलाते रहेंगे, यानी दिनभर सम्बंधित बैंक को स्कैन कॉपी भेजी जाती रहेगी। शाम 7 बजे तक बैंक को जवाब देना होगा और 3 घंटे में ही चेक क्लियर करना होगा।
आपको कैसे होगा फायदा
इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा आपको ही मिलेगा क्योंकि अब आपको अकाउंट में पैसे आने के लिए 2 दिन इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बैंक को क्लियरिंग के बाद 1 घंटे के अंदर आपके अकाउंट में पैसा भेजना होगा।
