Net Worth Gap Between Ambani And Adani: ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के अनुसार, भारत की सबसे अधिक मार्केट कैपिटल वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) 96.4 अरब डॉलर (करीब 8 लाख करोड़ रु) की नेटवर्थ के साथ भारत के सबसे अमीर आदमी बने हुए हैं। वह इस समय दुनिया के 11वें सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं।
अंबानी और अडानी की दौलत में अंतर
वहीं अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) उनसे दौलत के मामले में काफी पीछे हैं।
कैसे निकले अडानी से आगे
66 वर्षीय अंबानी ने जनवरी में भारतीय अरबपतियों की लिस्ट में तब फिर से टॉप पॉजिशन हासिल कर ली थी, जब अमेरिका के शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की निगेटिव रिपोर्ट के बाद गौतम अडानी की नेटवर्थ में गिरावट आई थी।
कितना है अंतर
इस समय ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार गौतम अडानी की दौलत 63.9 अरब डॉलर या 5.30 लाख करोड़ रु है। यानी मुकेश अंबानी की दौलत अडानी की दौलत से 2.70 लाख करोड़ रु अधिक है। दरअसल राधाकिशन दमानी के साथ गौतम अडानी ऐसे टॉप 15 अरबपतियों में से हैं जिनकी नेटवर्थ में चालू वर्ष में गिरावट देखी गई है।
इस साल अडानी की दौलत में 56.6 अरब डॉलर या 4.7 लाख करोड़ रु की गिरावट आई है। वहीं मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 76756 करोड़ रु का इजाफा हुआ है। यानी 2023 के अब तक करीब 225 दिनों में दोनों की दौलत में बड़ा अंतर आया है।
क्यों आया 2023 में ये फासला
इस साल रिलायंस का शेयर 10 फीसदी बढ़ा है, जिससे अंबानी की दौलत में इजाफा हुआ है, वहीं हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से अडानी ग्रुप के शेयरों में काफी गिरावट आई, जिससे गौतम अडानी की संपत्ति घटी। जबकि जनवरी 2023 तक अडानी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे। मगर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद उन्हें काफी नुकसान हुआ। वहीं अंबानी इस समय एशिया के भी सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
