Mother Dairy Increases price of milk: प्रमुख दूध उत्पादक कंपनी मदर डेयरी ने अपने दूध के दाम में प्रति लीटर दो रुपए की वृद्धि कर दी है। कंपनी की यह नई दर बुधवार से लागू होगी। कंपनी के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि नई कीमत 30 अप्रैल 2025 से लागू होगी। नई कीमत उन सभी जगहों पर लागू होगी जहां कंपनी अपने उत्पाद बेचती है। मदर डेयरी के अधिकारी ने कहा, 'खरीद कीमतों में हुई वृद्धि से निपटने के लिए कंपनी ने अपनी कीमत में संशोधन किया है। पिछले कुछ महीने से दूध खरीद में प्रति लीटर चार से पांच रुपए की वृद्धि हुई है।'
प्रतिदिन 35 लाख लीटर दूध बेचती है मदर डेयरी
मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन अपने ऑन लाइन प्लेटफॉर्म, स्थानीय दुकानों और अपने बथों के जरिए करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कंपनी के अधिकारी ने कहा कि किसानों की आजीविका की परवाह करते हुए हम उपभोक्ताओं तक दूध की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि नई कीमत दूध की बढ़ते दाम से तालमेल बिठाने के लिए किया गया है। इस वृद्धि के साथ दिल्ली-एनसीआर में टोंड मिल्क का दाम अब 54 रुपए प्रतिलीटर से बढ़कर प्रति लीटर 56 रुपए प्रति लीटर हो गया है। फुल क्रीम दूध की कीमत 68 रुपए की जगह 69 रुपए की हो गई है। गाय का दूध भी महंगा हो गया है। अब यह प्रति लीटर 59 रुपए में मिलेगा।
